कहीं वोटर लिस्ट से गायब न हो जाए नाम; सिर्फ 2 दिन खुलेंगे बूथ, तुरंत करा लें ये एक काम

कहीं वोटर लिस्ट से गायब न हो जाए नाम; सिर्फ 2 दिन खुलेंगे बूथ, तुरंत करा लें ये एक काम

वोटर लिस्ट से नाम कटने और कथित गड़बड़ियों को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शनों के बीच भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में बड़ा कदम उठाया है। राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए छूटे हुए और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए प्रदेशव्यापी विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत राज्य के सभी 75 जिलों में हर एक पोलिंग बूथ पर 17 और 24 अक्टूबर को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

सुबह 10 से शाम 4 बजे तक खुलेंगे बूथ

यह विशेष अभियान तय तिथियों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। निर्वाचन आयोग ने सभी जिलाधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों को बूथ स्तर पर सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। हर मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे, जो नए वोटरों को फॉर्म-6 उपलब्ध कराएंगे और पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कराएंगे।

मौके पर मिलेगी हेल्प डेस्क और फॉर्म-6 की सुविधा

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा के अनुसार, कैंप के दौरान फॉर्म-6 की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। मतदान केंद्रों पर वोटरों की सहायता के लिए विशेष हेल्प डेस्क बनाई जाएगी ताकि फॉर्म भरते समय किसी को परेशानी न हो। आवेदन करने वाले पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 के साथ अपनी नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, जन्मतिथि का प्रमाण और स्थायी पते से जुड़े आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।