यूपी में ताबड़तोड़ तबादलों की झड़ी: IAS-PCS के बाद 29 BDO के कार्यक्षेत्र बदले, देखें पूरी ट्रांसफर लिस्ट
उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों और प्रशासनिक कसावट के बीच बड़े पैमाने पर अधिकारियों के तबादलों का सिलसिला लगातार जारी है। भारत निर्वाचन आयोग के एक ही जिले में तीन साल से अधिक समय से जमे अधिकारियों को हटाने के सख्त निर्देशों के अनुपालन में राज्य सरकार ने रविवार को प्रशासनिक अमले में फेरबदल के बाद अब ब्लॉक स्तर पर बड़ी सर्जरी की है। शासन ने तत्काल प्रभाव से 29 खंड विकास अधिकारियों (BDO) का तबादला कर उन्हें नए जिलों में तैनाती के निर्देश जारी किए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल का मुख्य असर सीतापुर, सोनभद्र, सुलतानपुर, उन्नाव और वाराणसी जैसे प्रमुख जिलों में लंबे समय से तैनात बीडीओ पर पड़ा है, जिन्हें तत्काल प्रभाव से नए जिलों में पदभार संभालने के आदेश दिए गए हैं।
सोमवार को ग्राम्य विकास विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, ओम प्रकाश गुप्ता को सिद्धार्थनगर से बलिया, अरुण कुमार वर्मा को सीतापुर से उन्नाव, धनंजय सिंह को सीतापुर से बाराबंकी, विवेक मणि त्रिपाठी को सीतापुर से बहराइच, राजेश कुमार तिवारी को सीतापुर से बस्ती, रजनीश कुमार शुक्ला को सीतापुर से लखीमपुर खीरी, श्रीश गुप्ता को सीतापुर से जौनपुर, प्रवीण जीत को सीतापुर से लखीमपुर खीरी, प्रीति तिवारी को सीतापुर से सुल्तानपुर, प्रशांत कुमार शुक्ला को सीतापुर से बरेली, सुमित सिंह को सीतापुर से बाराबंकी तथा अमित कुमार यादव को सीतापुर से बहराइच भेजा गया है। वहीं सोनभद्र से गुरु शरण श्रीवास्तव को देवरिया, नितिन कुमार को मिर्जापुर, अजीत कुमार यादव व राम विशाल चौरसिया को बस्ती और उत्कर्ष सक्सेना को कुशीनगर स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा सुलतानपुर से निशा तिवारी को अयोध्या, राधेश्याम को महराजगंज, नीलिमा गुप्ता को जौनपुर भेजा गया है, जबकि उन्नाव से संतोष कुमार श्रीवास्तव को अयोध्या, फहद खान को हरदोई और दीप्तिशिखा वर्मा को रायबरेली भेजा गया है। वाराणसी से सुरेंद्र सिंह यादव को चंदौली, राजेश कुमार यादव को बांदा, राजेश कुमार सिंह व शिव नारायण सिंह को आजमगढ़, प्रतिभा मिश्रा को चंदौली और छोटे लाल तिवारी को मिर्जापुर स्थानांतरित किया गया है।
इससे ठीक एक दिन पहले रविवार को राज्य सरकार ने प्रशासनिक तंत्र में व्यापक फेरबदल करते हुए 55 पीसीएस और 4 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले थे। पीसीएस स्तर पर विकास प्राधिकरणों, मंडलायुक्त दफ्तरों, नगर निकायों और राजस्व प्रशासन में बड़े पैमाने पर जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया। आईएएस तबादलों में 2022 बैच के शैलेंद्र कुमार सिंह को यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के एसीईओ पद से हटाकर फिरोजाबाद का नया मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नियुक्त किया गया है, जबकि आगरा की अपर आयुक्त प्रतिभा सिंह को फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं फिरोजाबाद के तत्कालीन सीडीओ शत्रोहन वैश्य को श्रम विभाग में विशेष सचिव पद पर भेजा गया है और नोएडा की एसीईओ वंदना त्रिपाठी को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। चुनाव आयोग के मानकों के तहत फील्ड में चल रही इस त्वरित प्रशासनिक सर्जरी से पूरे सरकारी तंत्र में हलचल मची हुई है।