"निकाह किया तो गोली मार दूंगा..." बारात में दूल्हे को आई खौफनाक कॉल, बिना दुल्हन बैरंग लौटी बारात!

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से शादी के माहौल में सनसनी फैलाने वाला एक बेहद चौंकाने वाला प्रकरण सामने आया है। यहां निकाह की रस्में शुरू होने से महज कुछ घंटे पहले दूल्हे के मोबाइल पर आई एक धमकी भरी कॉल ने खुशियों के माहौल को मातम जैसी स्थिति में बदल दिया। फोन करने वाले ने दूल्हे को सीधी चेतावनी दी कि यदि उसने निकाह किया तो उसे गोली मार दी जाएगी।

इस सनसनीखेज कॉल के बाद बारात बिना दुल्हन लिए ही बैरंग वापस लौट गई। प्रकरण मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां बिजनौर से बारात आई हुई थी और दोनों पक्षों के लोग दावत का लुत्फ उठा रहे थे। इसी बीच अनजान नंबर से आई कॉल ने हड़कंप मचा दिया, जिसमें कॉलर ने खुद को दुल्हन का प्रेमी बताते हुए कुछ कथित साक्ष्य पेश किए, जिसके बाद दूल्हा पक्ष ने शादी से साफ इनकार कर दिया।

धमकी मिलते ही दूल्हा और उसके परिजन फौरन मंडी धनौरा थाने पहुंच गए और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। खबर मिलते ही दुल्हन पक्ष के लोग भी थाने पहुंचे, जहां घंटों दोनों पक्षों के बीच समझौते की बातचीत चली मगर कोई हल नहीं निकला। इसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई, जहां घंटों माथापच्ची के बावजूद बात नहीं बनी और दूल्हा पक्ष शादी न करने के अपने फैसले पर अड़ा रहा। 

आखिरकार बारात को खाली हाथ लौटना पड़ा। दुल्हन के भाई का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही कुछ विरोधियों ने साजिश के तहत यह फर्जी कॉल करवाई है। दुल्हन पक्ष के मुताबिक शादी की तैयारियों, फर्नीचर, घरेलू सामान और स्विफ्ट कार समेत उनका करीब 20 से 25 लाख रुपये का भारी नुकसान हो गया है। उधर पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की तरफ से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है; शिकायत मिलते ही मामले की वैधानिक जांच की जाएगी।

वहीं इस पूरे ड्रामे के बाद पीड़ित दुल्हन खुद मीडिया के सामने आई और उसने पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा। बीसीए ग्रेजुएट दुल्हन ने साफ शब्दों में कहा कि गांव का ही अरशद नाम का युवक बेवजह बवाल खड़ा करके शादी तुड़वाने की साजिश रच रहा है। 

दुल्हन ने स्पष्ट किया कि उसका उस युवक से कोई संबंध नहीं है और न ही वह उससे निकाह करना चाहती है। दुल्हन ने कहा कि वह पढ़ी-लिखी है और अपने माता-पिता की मर्जी से बेहद खुश है, जहां उसके वालिद और मां निकाह कराएंगे वह वहीं अपनी मर्जी से निकाह करेगी। दुल्हन ने बिना किसी दबाव के बयान देते हुए आरोपी युवक पर बेवजह मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और शादी बिगाड़ने का गंभीर आरोप लगाया है।