रात 2 बजे आया महिला का फोन, मिलने पहुंचा प्रेमी... फिर घर के अंदर जो हुआ सुनकर कांप जाएगी रूह!
उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित साढ़ थाना क्षेत्र से रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। गंभीरपुर गांव में शनिवार की देर रात एक महिला के बुलाने पर उसके घर पहुंचे कथित प्रेमी युवक की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। रविवार सुबह जब इस हत्याकांड की खबर फैली तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और भारी तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित परिजन मृतक का शव लेकर सीधे साढ़ थाने पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फोर्स तैनात कर दी है।
गांव के रहने वाले विजय प्रकाश उर्फ पप्पू तिवारी का 28 वर्षीय बेटा अतुल उर्फ गोपाल बारीगांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर नौकरी करता था और अतिरिक्त आय के लिए ऑटो भी चलाता था। परिजनों का कहना है कि गांव के ही निवासी विकास अवस्थी की पत्नी से उसके नजदीकी संबंध थे। शनिवार देर रात अतुल ऑटो चलाकर वापस लौटा और थकान के कारण घर के बाहर ही सो गया। परिजनों का आरोप है कि रात करीब दो बजे विकास की पत्नी ने उसे फोन कर अपने घर बुलाया। महिला के बुलावे पर जब अतुल उसके घर पहुंचा, तभी विकास और उसके परिवार के अन्य सदस्यों की नींद खुल गई।
अतुल को घर के अंदर देखते ही ससुराल वाले आगबबूला हो गए और उन्होंने उसे घेरकर लाठी-डंडों से अंधाधुंध पीटना शुरू कर दिया। अतुल रहम की भीख मांगता रहा और चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन हमलावरों ने उस पर कोई दया नहीं दिखाई और उसे तब तक पीटा जब तक कि वह अधमरा होकर जमीन पर नहीं गिर पड़ा। वारदात के बाद विकास के पिता कल्लू ने अतुल के घर जाकर परिजनों को सूचना दी कि उनका बेटा उनके घर में लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ अतुल को आनन-फानन में नौबस्ता के एक निजी अस्पताल लेकर भागे। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित परिजन शव के साथ थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। घटना के बाद से आरोपी अपने घर पर ताला जड़कर मौके से फरार हैं। साढ़ थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।