'तुम ही हमारी बहू बनोगी': मां-बेटे का खौफनाक हनीट्रैप गैंग बेनकाब, NCR की दर्जनों लड़कियों से करोड़ों की ठगी
दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पढ़ी-लिखी, कामकाजी और तलाकशुदा युवतियों को प्रेम जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ हुआ है। अलीगढ़ की क्वार्सी थाना पुलिस ने लक्ष्मीबाई मार्ग स्थित कन्हानिया एलिगेंस के निवासी हिमांशु माथुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि इस पूरे षड्यंत्र में बराबर की भागीदार उसकी मां पूजा माथुर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जांच में खुलासा हुआ है कि मां-बेटे की यह जोड़ी पिछले पांच वर्षों से सक्रिय थी और अब तक 10 से 12 युवतियों की जिंदगी तबाह कर उनसे करोड़ों रुपये की उगाही कर चुकी है।
इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश तब हुआ जब गाजियाबाद की एक पीड़िता ने क्वार्सी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, अगस्त 2025 में हिमांशु ने खुद को तलाकशुदा बताकर उससे संपर्क साधा और अपनी बहन से बात करवाकर विश्वास में ले लिया। गाजियाबाद में पहली मुलाकात के बाद 30 अगस्त 2025 को आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अलीगढ़ के एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके बाद झांसे और भावनात्मक दबाव में लेकर आरोपी ने पीड़िता से 12 लाख रुपये नकद, 50 हजार रुपये ऑनलाइन और करीब 63 ग्राम सोने के आभूषण ऐंठ लिए। जब युवती ने रकम वापस मांगी तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
शातिर गैंग पढ़ी-लिखी, कामकाजी और तलाकशुदा युवतियों को अपने प्रेम जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करता था
लिस तफ्तीश में मां-बेटे के शिकार फंसाने का खतरनाक तरीका सामने आया है। हिमांशु सोशल मीडिया, वैवाहिक पोर्टल्स और पारिवारिक कार्यक्रमों के जरिए आत्मनिर्भर महिलाओं को तलाशता था। पहले वह खुद को अकेला बताकर सहानुभूति बटोरता, फिर अपनी मां से बातचीत कराता। फोन पर मां बड़ी आत्मीयता से कहती थी कि ‘तुम ही हमारी बहू बनोगी और अब पूरा घर तुम्हें ही संभालना है।’ एक बुजुर्ग महिला के मुंह से रिश्ते की स्वीकृति पाकर युवतियां पूरी तरह निश्चिंत हो जाती थीं। इसके बाद आरोपी उन्हें रामाडा जैसे नामी होटलों में ले जाकर नशीला पदार्थ देता, जबरन शारीरिक संबंध बनाता और खुफिया कैमरों से आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लेता था।
इसी साल जनवरी में जब पीड़िता ने आरोपी का मोबाइल फोन जांचा तो उसमें कई अन्य युवतियों की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो मिले। विरोध करने पर आरोपी ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे क्षुब्ध होकर पीड़िता ने आत्महत्या की कोशिश भी की थी। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी ने पीड़िता के घर में घुसकर दुष्कर्म किया और वहां से आईफोन, नकदी व जेवरात लूट लिए। बाद में अलीगढ़ ले जाकर दोबारा वीडियो बनाई गई और उसे इंटरनेट पर प्रसारित करने की धमकी देकर लगातार फिरौती मांगी जाने लगी।
सीओ तृतीय सर्वम सिंह और इंस्पेक्टर अरुण कुमार के अनुसार, आरोपी के मोबाइल व डिजिटल साक्ष्यों से कई सनसनीखेज जानकारियां मिली हैं। गिरोह के चंगुल में फंसी दो अन्य युवतियों ने भी पुलिस से संपर्क साधा है, जिनमें से एक से सवा करोड़ रुपये और दूसरी से 30 लाख रुपये की ठगी की गई है। दोनों पीड़िताओं की ओर से अलग से तहरीर दर्ज की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह रैकेट सुनियोजित तरीके से युवतियों को सामाजिक बदनामी का खौफ दिखाकर ब्लैकमेल करता था और फरार मां की धरपकड़ के बाद ठगी के कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।