पीएमजीएसवाई-4 के तहत स्वीकृत सड़कों की निविदा प्रक्रिया तत्काल शुरू कर समयसीमा में पूरा करें अधिकारी : केशव प्रसाद मौर्य
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-4 के अंतर्गत स्वीकृत सड़कों के निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के लिए निविदा प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण सड़क अभिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री शिव सहाय अवस्थी को निर्देशित किया कि सभी संबंधित जनपदों में निविदा संबंधी कार्यवाही में तेजी लाते हुए निर्माण प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और बेहतर आवागमन व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण सड़कों का निर्माण केवल आवागमन का साधन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे गांवों की आर्थिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि एवं रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिलती है।
श्री मौर्य ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निविदा प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो और सभी औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।