घर से निकलने से पहले पढ़ लें! 10 और 11 अक्टूबर को यूपी में कई ट्रेनें अचानक रद्द, वंदे भारत का भी बदला रूट

घर से निकलने से पहले पढ़ लें! 10 और 11 अक्टूबर को यूपी में कई ट्रेनें अचानक रद्द, वंदे भारत का भी बदला रूट

उत्तर प्रदेश में गोरखपुर-गोंडा रेल प्रभाग से सफर करने वाले दैनिक और लंबी दूरी के रेल यात्रियों को आगामी 10 और 11 अक्टूबर को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा स्वामी नारायण छपिया और मनकापुर रेलवे स्टेशनों के मध्य ऑटोमेटिक सिग्नल प्रणाली की कमीशनिंग के लिए नॉन-इंटरलॉक कार्य कराया जा रहा है। इस तकनीकी अपग्रेडेशन के चलते रेलवे ने दोनों दिन ट्रैफिक ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सुमित कुमार के अनुसार, इस कार्य के कारण कई लोकल पैसेंजर व मेमू ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि वंदे भारत, अमृत भारत और इंटरसिटी जैसी प्रमुख गाड़ियों के रूट डायवर्ट किए गए हैं। इससे पहले यही ब्लॉक 26 और 27 सितंबर को प्रस्तावित था, जिसे अपरिहार्य कारणों से टाल दिया गया था।

ब्लॉक के चलते लोकल और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी वाली कई ट्रेनें निरस्त रहेंगी। इसमें 10 अक्टूबर को 64220 अयोध्या कैंट-मनकापुर मेमू, 64223/64224 मनकापुर-अयोध्या धाम जंक्शन-मनकापुर मेमू, 64217 मनकापुर-अयोध्या कैंट मेमू और 65115/65116 भटनी-अयोध्या धाम जंक्शन-भटनी मेमू पूरी तरह बंद रहेगी। इसके अलावा 10 और 11 अक्टूबर को 55093 गोरखपुर-गोंडा पैसेंजर व 55091 गोंडा-सीतापुर सिटी पैसेंजर का संचालन नहीं होगा, जबकि 11 और 12 अक्टूबर को 55094 गोंडा-गोरखपुर सवारी गाड़ी और 55092 सीतापुर सिटी-गोंडा सवारी गाड़ी निरस्त रहेगी।

इसके साथ ही कई अहम ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त कर गंतव्य से पहले समाप्त किया गया है। 10 अक्टूबर को 14213 वाराणसी जंक्शन-नेपालगंज रोड एक्सप्रेस अयोध्या धाम स्टेशन पर ही रुक जाएगी और 11 अक्टूबर को वापसी में 14214 नेपालगंज रोड-वाराणसी जंक्शन एक्सप्रेस नेपालगंज के बजाय अयोध्या धाम से ही संचालित होगी, जिससे नेपालगंज रोड से अयोध्या धाम के बीच यह सेवा निलंबित रहेगी। वहीं 10 अक्टूबर को 14233 प्रयागराज संगम-मनकापुर एक्सप्रेस अयोध्या कैंट और मनकापुर के बीच रद्द रहेगी, जबकि 11 अक्टूबर को 14234 मनकापुर-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस मनकापुर की जगह अयोध्या कैंट से रवाना होगी।

मुख्य रेलमार्ग बाधित होने की स्थिति में प्रीमियम और सुपरफास्ट गाड़ियों को डायवर्टेड रूट से चलाया जाएगा। 10 अक्टूबर को 20103 एलटीटी-गोरखपुर एक्सप्रेस, 14048 दिल्ली-सीतामढ़ी अमृत भारत एक्सप्रेस और 12556 बठिंडा-गोरखपुर एक्सप्रेस गोंडा-बढ़नी-गोरखपुर के रास्ते संचालित होंगी। वहीं 12565 दरभंगा-नई दिल्ली एक्सप्रेस और 15273 रक्सौल-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस गोरखपुर-बढ़नी-गोंडा मार्ग से गुजरेंगी। इसके अलावा 11 अक्टूबर को 22549 गोरखपुर-प्रयागराज जंक्शन वंदे भारत एक्सप्रेस मनकापुर-गोंडा-बाराबंकी होकर चलेगी। 9 अक्टूबर को चलने वाली 15949 डिब्रूगढ़-गोमती नगर एक्सप्रेस और 15909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ एक्सप्रेस छपरा-औंड़िहार-वाराणसी जंक्शन-अयोध्या कैंट-बाराबंकी के रास्ते अपनी यात्रा पूरी करेंगी।