सीतापुर- हादसे में घायल बेटे से मिलकर लौट रहा था पिता, रास्ते में हुआ कुछ ऐसा कि एक साथ बिछ गईं 3 लाशें!
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के कमलापुर थाना क्षेत्र स्थित पंचपीर गांव के नजदीक एक तालाब से सोमवार देर रात पुलिस और SDRF की टीम ने क्रेन की मदद से एक कार को बाहर निकाला, जिसमें तीन लोगों के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान सिधौली कोतवाली क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर निवासी राकेश चौरसिया, उनके साथी रामेंद्र सिंह और अटरिया निवासी कार चालक सतीश के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, राकेश चौरसिया बहराइच में सड़क हादसे में घायल अपने बेटे का हालचाल जानने के लिए 25 अक्टूबर को कार से निकले थे, मगर अगले दिन तक घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए सिधौली कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए तो तीनों के मोबाइल की आखिरी लोकेशन रामपुर कलां के कदुनी में मिली। इसके बाद रेडियो खेतान फैक्ट्री के सीसीटीवी में उनकी कार सिधौली की तरफ जाती हुई दिखाई दी।
इसी ठोस सुराग के आधार पर पुलिस को पंचपीर गांव के तालाब में कार गिरने का पता चला। आनन-फानन में लखनऊ से बुलाई गई SDRF की टीम ने रात करीब 2 बजे नावों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और क्रेन मंगाकर कार को गहरे पानी से बाहर निकाला। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि देर रात सफर के दौरान चालक को झपकी आ गई होगी, जिससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे तालाब में जा समाई और पानी में डूबने से तीनों की तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई।
एक साथ तीन शव मिलने से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।