दरिंदगी की दो खौफनाक वारदातें: मेरठ में पार्क की झाड़ियों में नाबालिग से दुष्कर्म

दरिंदगी की दो खौफनाक वारदातें: मेरठ में पार्क की झाड़ियों में नाबालिग से दुष्कर्म

पश्चिमी उत्तर प्रदेश से महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली दो दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आई हैं। पहली वारदात क्रांतिधरा मेरठ के सबसे व्यस्त माने जाने वाले इलाके से जुड़ी है, जहां दिन के उजाले में एक बेखौफ दरिंदे ने कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती दे डाली।

वहीं दूसरी शर्मनाक घटना सहारनपुर जनपद से सामने आई है, जहां सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर नाबालिग को जाल में फंसाया गया और कैफे के भीतर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग का गंदा खेल खेला गया। दोनों ही घटनाओं के प्रकाश में आने के बाद से स्थानीय स्तर पर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

मेरठ के मोहनपुरी पार्क में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात

मेरठ के पॉश सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित मोहनपुरी में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक सार्वजनिक पार्क में खेल-कूद रहे लोगों के बीच से एक नाबालिग लड़की को जबरन खींच लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार लिसाड़ी गेट इलाके से दो बहनें शहर में किसी काम के सिलसिले में आई हुई थीं। इसी दौरान छोटी बहन भटकते हुए मोहनपुरी पार्क की तरफ निकल गई। आरोप है कि वहां घात लगाकर बैठे एक मनचले युवक ने किशोरी को अकेला पाकर दबोच लिया और उसे घसीटते हुए पेड़ों और घनी झाड़ियों के पीछे ले गया। वहां आरोपी ने लड़की का मुंह कसकर दबा दिया और उसके साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।

चीख सुनकर दौड़े लोग, दरिंदा मौके से फरार

पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी के चंगुल से छूटने के लिए पूरी ताकत से चीखना शुरू कर दिया। घनी झाड़ियों के पीछे से किशोरी की दर्दनाक आवाज सुनकर पार्क में टहल रहे आसपास के स्थानीय नागरिक तुरंत उस ओर दौड़ पड़े।

भीड़ को अपनी तरफ आते देख घबराया हुआ आरोपी पीड़िता को वहीं लहूलुहान और बदहवास हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 डायल कर पुलिस को अलर्ट किया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची और पीड़िता को सुरक्षित कब्जे में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

अनाथ जैसी स्थिति में जी रही है पीड़िता, पुलिस जांच में जुटी

पुलिस की प्राथमिक पड़ताल में इस मामले का बेहद भावुक और दर्दनाक पहलू भी उजागर हुआ है। जांच में सामने आया कि पीड़िता के पिता का पहले ही देहांत हो चुका है, जबकि उसकी मां गंभीर मानसिक बीमारी से जूझ रही हैं। परिवार में कोई मजबूत सहारा न होने के कारण यह दोनों बहनें बेहद तंगहाली में गुजर-बसर कर रही थीं। घटना की खबर लगते ही पीड़िता के मामा बदहवास हालत में सिविल लाइन थाने पहुंचे।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिविल लाइन थाना प्रभारी अरुण भाटी ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के बयानों के आधार पर सुसंगत धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

सहारनपुर: इंस्टाग्राम पर जाल, कैफे में वीडियो और दो भाइयों की हैवानियत

दूसरी तरफ सहारनपुर के कोतवाली क्षेत्र में डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए दरिंदगी की इंतहा का एक और मामला खुला है। कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक पीड़िता की मां ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पड़ोस के गांव के रहने वाले एक युवक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।

तहरीर के मुताबिक आरोपी युवक ने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से पीड़िता से जान-पहचान बनाई और फिर मीठी-मीठी बातों में फंसाकर शादी का झूठा झांसा दिया। इसके बाद वह पीड़िता को बहला-फुसलाकर एक निजी कैफे में ले गया, जहां उसने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और चोरी-छिपे मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

वीडियो वायरल करने की धमकी और ब्लैकमेलिंग का जाल

आरोपी की दरिंदगी यहीं खत्म नहीं हुई। उसने पीड़िता को चेतावनी दी कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो वह इस निजी वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल कर समाज में बदनाम कर देगा।

पीड़िता की मां का गंभीर आरोप है कि इस ब्लैकमेलिंग की आड़ में आरोपी लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। हद तो तब हो गई जब उस अश्लील वीडियो को दिखाकर आरोपी के सगे भाई ने भी पीड़िता को डरा-धमकाकर अपनी हवस का शिकार बनाया। इस दोहरे शोषण से आहत पीड़िता ने आखिरकार हिम्मत जुटाकर परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।