26 नवंबर को क्या बड़ा ऐलान करने वाले हैं चंद्रशेखर आजाद? ओवैसी के इस बयान से बढ़ी सियासी धड़कनें!

26 नवंबर को क्या बड़ा ऐलान करने वाले हैं चंद्रशेखर आजाद? ओवैसी के इस बयान से बढ़ी सियासी धड़कनें!

एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा करते हुए 26 नवंबर को 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के मंच से एक बड़े ऐलान का स्पष्ट संकेत दिया है। 'अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा, आंख में आंख डालकर अपना हिस्सा लेगा' के अपने चर्चित बयान को दोहराते हुए ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा बनाए जाने पर कहा कि जनता और राजनीतिक विश्लेषक थोड़ा इंतजार करें, 26 नवंबर को खुद सीएम पद के उम्मीदवार चंद्रशेखर आजाद एक ऐतिहासिक घोषणा करेंगे।

एक टीवी इंटरव्यू के दौरान जब उनसे सवाल किया गया कि क्या चंद्रशेखर आजाद को आगे करने के बाद भी मुस्लिम समाज केवल समर्थक बनकर रह जाएगा, तो ओवैसी ने दो-टूक कहा कि 26 नवंबर की घोषणा सारे समीकरण साफ कर देगी। समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा पहले ही कह चुकी है कि उसे मुस्लिम वोट नहीं चाहिए, लेकिन खुद को मसीहा बताने वाले अखिलेश यादव ने चार बार सत्ता में रहने के बाद भी अल्पसंख्यकों के हक में कभी आवाज नहीं उठाई। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या सपा प्रमुख अपनी जुबान से कभी खुलकर 'मुसलमान' शब्द भी बोल सकते हैं।

ओवैसी ने विरोधियों पर पलटवार करते हुए कहा कि जब कल्याण सिंह के बेटे को सपा में मंत्री बनाया जा सकता है, तब कोई सवाल नहीं उठता, लेकिन जब एआईएमआईएम लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ती है तो उसे गलत ठहराया जाता है। उन्होंने साफ किया कि उनकी पार्टी कोई एनजीओ नहीं है बल्कि राजनीतिक ताकत हासिल करने के लिए चुनावी मैदान में उतरी है, क्योंकि बाबा साहेब आंबेडकर ने स्पष्ट कहा था कि अधिकारों की चाबी सत्ता के पास होती है। 2022 के विधानसभा चुनाव में आधा फीसदी से कम वोट मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में पार्टी ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत किया है और पिछली कमियों को सुधारा है, इसलिए जनता इस बार काम और संघर्ष को देखकर वोट करेगी।

उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के संकल्प के साथ असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और सांसद चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने मिलकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' का गठन किया है। इसी रणनीति के तहत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी पकड़ मजबूत करने ओवैसी शनिवार को सहारनपुर के छुटमलपुर पहुंचे थे। चंद्रशेखर आजाद के आवास पर मुलाकात के बाद ओवैसी ने ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश गोली और बुलडोजर से नहीं बल्कि संविधान से चलेगा। उन्होंने चंद्रशेखर को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने की पुरजोर वकालत करते हुए कहा कि दोनों मिलकर पहले लखनऊ और फिर दिल्ली की सत्ता में बड़ा बदलाव लाएंगे।