योगी सरकार का AI मिशन युवाओं को सशक्त बनाएगा, नागरिकों का जीवन बनाएगा बेहतर: डॉ. राजेश्वर सिंह

योगी सरकार का AI मिशन युवाओं को सशक्त बनाएगा, नागरिकों का जीवन बनाएगा बेहतर: डॉ. राजेश्वर सिंह

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन (UP-AIM) को मिशन मोड में लागू करने का निर्णय प्रदेश के तकनीकी एवं आर्थिक भविष्य को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल का स्वागत करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू किया गया यह मिशन युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर सृजित करने के साथ-साथ आम नागरिकों के जीवन को अधिक सुगम बनाने और सरकारी सेवाओं को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

रोजगार, जनसेवाओं और तकनीकी विकास को गति देंगी मिशन की छह प्रमुख पहलें

उत्तर प्रदेश में एक व्यापक AI इकोसिस्टम विकसित करने की अपनी पूर्व पहल का उल्लेख करते हुए डॉ. सिंह ने बताया कि 19 मई 2025 को उन्होंने प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर एक समर्पित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आयोग के गठन का प्रस्ताव दिया था। इस प्रस्ताव में AI के नैतिक एवं जिम्मेदार उपयोग, सुशासन, अनुसंधान एवं नवाचार, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापक रूपरेखा प्रस्तुत की गई थी।

डॉ. सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त की कि उनके द्वारा प्रस्तुत व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप कई महत्वपूर्ण पहल अब उत्तर प्रदेश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन में सम्मिलित की गई हैं। इस मिशन से संबंधित शासनादेश 21 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया।

मिशन की छह प्रमुख पहलों और उनसे प्रदेश के नागरिकों को होने वाले संभावित लाभों को रेखांकित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा:

1. AI इंफ्रास्ट्रक्चर – 62 ITI में AI डेटा लैब

प्रदेश के 62 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITIs) में AI डेटा लैब की स्थापना से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं में उद्योगों की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी कौशल विकसित होंगे और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

1. AI प्रतिभा विकास – 75 जनपदों में 75 AI फेलो

मुख्यमंत्री AI फेलोशिप कार्यक्रम के अंतर्गत सभी 75 जनपदों में 75 AI फेलो प्रस्तावित हैं। ये जनपद स्तर पर AI पहलों के क्रियान्वयन, निगरानी एवं मूल्यांकन में सहयोग करेंगे। इससे स्थानीय प्रशासन में तकनीक आधारित समाधान विकसित करने और जनसमस्याओं के अधिक प्रभावी निस्तारण की संभावनाएं मजबूत होंगी।

1. AI शिक्षा एवं कौशल विकास – AI प्रज्ञा 2.0

AI प्रज्ञा 2.0 के माध्यम से AI साक्षरता, व्यावहारिक प्रशिक्षण, शिक्षकों की क्षमता वृद्धि और रोजगारपरक कौशल विकास को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों, शिक्षकों और युवाओं को भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी तथा डिजिटल कौशल की खाई को कम किया जा सकेगा।

1. AI आधारित सुशासन – बेहतर जनसेवाएं

विभिन्न सरकारी विभागों की आवश्यकताओं के अनुरूप AI आधारित समाधान विकसित किए जाएंगे। इससे जनसेवा वितरण, प्रशासनिक कार्यक्षमता और नागरिक-केंद्रित शासन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। AI के उचित उपयोग से सरकारी प्रक्रियाओं में तेजी और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकेगा।

1. AI कंप्यूट इंफ्रास्ट्रक्चर – AI शक्ति ग्रिड

AI शक्ति ग्रिड के माध्यम से पात्र उपयोगकर्ताओं को राज्य सरकार एवं IndiaAI से संबद्ध सूचीबद्ध प्रदाताओं के जरिए कंप्यूटिंग संसाधनों की उपलब्धता तथा प्राथमिकता वाले AI उपयोग के मामलों में अतिरिक्त सब्सिडी देने का प्रावधान है। इससे शोधकर्ताओं, नवाचारकर्ताओं, स्टार्टअप और शैक्षणिक संस्थानों को नई तकनीक विकसित करने एवं परीक्षण करने में मदद मिलेगी।

1. AI उद्यमिता एवं नवाचार – AI प्रोत्साहन निधि

AI प्रोत्साहन निधि के माध्यम से AI आधारित स्टार्टअप, MSMEs और ODOP इकाइयों को उत्पाद विकास, परीक्षण और व्यावसायिक विस्तार के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इससे स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहन, छोटे उद्योगों को तकनीकी मजबूती और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने में सहायता मिलेगी।

डॉ. सिंह ने कहा कि AI मिशन की वास्तविक सफलता इस बात से मापी जाएगी कि इसका लाभ आम नागरिकों तक किस प्रकार पहुंचता है। AI आधारित सुशासन से सरकारी सेवाएं अधिक प्रभावी बनेंगी, आधुनिक तकनीक से शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे और स्वास्थ्य, कृषि तथा उद्योगों में नवाचार को गति मिलेगी। वहीं, अनुसंधान, स्टार्टअप और तकनीकी उद्यमिता के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को भविष्य की अर्थव्यवस्था में आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त होंगे।

उन्होंने इस दूरदर्शी पहल, मार्गदर्शन और उत्तर प्रदेश को उभरती तकनीकों के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की प्रतिबद्धता के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही, IT एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग तथा इस दिशा में कार्यरत सभी अधिकारियों और विशेषज्ञों के प्रयासों की सराहना की।

डॉ. सिंह ने कहा कि विशाल युवा आबादी, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक क्षमताओं और तेजी से विकसित होते डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के बल पर उत्तर प्रदेश देश की अग्रणी AI अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की क्षमता रखता है।

उन्होंने कहा, “तकनीकी प्रगति का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाना है। AI केवल प्रयोगशालाओं और बड़े उद्योगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका लाभ विद्यार्थियों, किसानों, उद्यमियों, छोटे व्यापारियों और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तकनीक को अवसर, सशक्तीकरण और समावेशी विकास का माध्यम बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हमारा लक्ष्य केवल AI क्रांति का हिस्सा बनना नहीं, बल्कि इसके भविष्य का नेतृत्व करना होना चाहिए।”