टैबलेट को मनोरंजन नहीं, ज्ञान, शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनाएं युवा : उप मुख्यमंत्री
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति का मूल उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक परिवार को आगे बढ़ने, विकास करने तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने के समान अवसर उपलब्ध कराना है। भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें आधुनिक तकनीक, डिजिटल शिक्षा और रोजगारपरक अवसरों से जोड़ने का कार्य कर रही है। इसके विपरीत समाजवादी पार्टी की राजनीति परिवार तक सीमित रही है, जबकि भाजपा की राजनीति का केंद्र देश, प्रदेश और आम नागरिक का सर्वांगीण विकास है।
श्री मौर्य ने कहा कि आज हमें नौजवानों की स्क्रीन पर उनका उज्ज्वल भविष्य दिखाई देता है। युवाओं के हाथों में टैबलेट केवल एक डिजिटल उपकरण नहीं, बल्कि ज्ञान, कौशल, नवाचार और आत्मनिर्भरता की नई संभावनाओं का सशक्त माध्यम है। उत्तर प्रदेश की पहचान अब डिजिटल अवसरों, सुशासन, तकनीकी प्रगति और युवा सामर्थ्य से बन रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के डिजिटल इंडिया के संकल्प और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उनके सपनों को नई उड़ान देने का काम कर रही है।
उप मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि वे सरकार से प्राप्त टैबलेट का उपयोग केवल मनोरंजन अथवा सोशल मीडिया तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी शिक्षा, ज्ञानवर्धन, कौशल विकास और भविष्य निर्माण का प्रभावी साधन बनाएं। इस डिजिटल सुविधा का अधिकतम सदुपयोग करते हुए नई-नई तकनीकों की जानकारी प्राप्त करें, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों को समझें, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करें, नई भाषाएं सीखें और रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसरों की तलाश करें। उन्होंने कहा कि तकनीक का सही उपयोग युवाओं की प्रतिभा को निखारने, उनकी क्षमताओं को विकसित करने और उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।