उत्तराखंड में बड़ा हादसा! भरभराकर ढहा लॉ कॉलेज का हिस्सा, मलबे के नीचे दबा PAC का जवान

उत्तराखंड में बड़ा हादसा! भरभराकर ढहा लॉ कॉलेज का हिस्सा, मलबे के नीचे दबा PAC का जवान

उत्तराखंड के धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज परिसर से सोमवार को एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। कॉलेज भवन का एक हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया, जिससे वहां ठहरी हुई पीएसी (प्रांतीय सशस्त्र बल) की टुकड़ी में हड़कंप मच गया। हादसे के वक्त बाथरूम की ओर बने हिस्से का मलबा गिरने से पीएसी का एक जवान उसकी चपेट में आकर नीचे दब गया। गनीमत रही कि सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए जवान को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था या ड्यूटी के सिलसिले में पीएसी की एक पूरी प्लाटून अमृत लॉ कॉलेज परिसर में ठहरी हुई थी। सोमवार को अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज के साथ भवन का एक भाग नीचे आ गिरा। तेज आवाज और धूल के गुबार से परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। साथी जवानों ने जब एक जवान को लापता पाया और मलबे में दबे होने की आशंका जताई, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को अलर्ट किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी और धनौरी चौकी प्रभारी मुनव्वर हसन भारी पुलिस जाब्ते के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। राहत एवं बचाव टीम की मदद से युद्धस्तर पर मलबा हटाने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जवानों और पुलिसकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे पीएसी जवान को जीवित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक उपचार के लिए जवान को फौरन नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। भवन का यह हिस्सा किन परिस्थितियों में गिरा और क्या इमारत की संरचना पहले से जर्जर थी, इसकी तकनीकी जांच कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर हादसे का सटीक कारण साफ नहीं हो पाया है और विस्तृत जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही इमारत ढहने की असली वजह का खुलासा हो सकेगा।