उत्तराखंड में मौत का तांडव: अल्मोड़ा में कार खाई में गिरी 4 की मौत, हरिद्वार में बस-पिकअप की टक्कर में 3 ने तोड़ा दम

उत्तराखंड में मौत का तांडव: अल्मोड़ा में कार खाई में गिरी 4 की मौत, हरिद्वार में बस-पिकअप की टक्कर में 3 ने तोड़ा दम

उत्तराखंड में सोमवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हुई भीषण दुर्घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर अल्मोड़ा में गहरी खाई में कार गिरने से चार जिंदगियां खत्म हो गईं, तो वहीं हरिद्वार में रोडवेज बस और पिकअप की आमने-सामने की टक्कर ने तीन लोगों की जान ले ली। इन हादसों ने सड़कों पर सुरक्षा के कड़े इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

अल्मोड़ा हादसा: खाई में गिरी कार, 4 की मौके पर मौत

अल्मोड़ा जिले में दोपहर करीब 3:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। लमगड़ा से चायखान की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर कनरा गांव के पास गहरी खाई में जा गिरी। कार में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें से 4 की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया है।

हरिद्वार में बस-पिकअप की भीषण भिड़ंत, 3 की मौत

उधर, हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हुआ। 4.2 फ्लाईओवर के पास टनकपुर डिपो की एक रोडवेज बस और सामने से आ रहे एक पिकअप वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।

हल्द्वानी में नशे का कहर: बेकाबू कार ने 4 को रौंदा

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। यहां कथित तौर पर नशे में धुत एक कार चालक ने तेज रफ्तार में एक के बाद एक चार राहगीरों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने कार चालक को दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया और वाहन को जब्त कर लिया है।