ऊधमसिंह नगर में मंगलवार की रात बनी काल, सड़क हादसों में दो दोस्तों समेत 8 लोगों ने गंवाई जान
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार की रात काल बनकर टूटी। रुद्रपुर, दिनेशपुर, गदरपुर और रामनगर क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसों और अप्रत्याशित घटनाओं में दो जिगरी दोस्तों समेत आठ लोगों की असामयिक मौत हो गई। इन दर्दनक घटनाओं से कई परिवारों में मातम पसर गया है और पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिनेशपुर के मोतीपुर वार्ड नंबर दो निवासी 18 वर्षीय सुजल और उसका दोस्त 25 वर्षीय समीर मंडल देर रात करीब दो बजे शक्तिफार्म से बाइक पर लौट रहे थे। किच्छा रोड स्थित बगवाड़ा के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि समीर की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि गंभीर रूप से घायल सुजल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
वहीं रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप वार्ड पांच निवासी 28 वर्षीय दिशांत सरकार जब दिनेशपुर से स्कूटी पर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल में उपचार के दौरान दिशांत की भी मौत हो गई। दूसरा हादसा दशहरा मेला देखकर लौट रहे परिवार के साथ हुआ, जहां मॉडल कॉलोनी निवासी बलजीत सिंह की 44 वर्षीय पत्नी गुरमीत कौर दो बाइकों की भिड़ंत में छिटककर डिवाइडर से टकरा गईं और सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी जान चली गई।
सड़क हादसों का यह खूनी सिलसिला यहीं नहीं रुका। रेशमबाड़ी निवासी लालता प्रसाद अपने साथी जंग बहादुर के साथ बहेड़ी में एक शादी समारोह से बाइक से लौट रहे थे, तभी किच्छा रोड पर एक बेकाबू डंपर ने उनकी बाइक को रौंद दिया, जिससे लालता प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा केलाखेड़ा टांडा निवासी 20 वर्षीय युवक रघुवीर जब बाइक से हल्द्वानी आ रहे थे, तब मोतीनगर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने रघुवीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं रामनगर में कोसी बैराज के पास दो बाइकों की सीधी आमने-सामने की भिड़ंत में डिग्री कॉलेज प्रथम वर्ष के 20 वर्षीय छात्र भावेश जोशी की दर्दनाक मौत हो गई। इसके साथ ही सड़क पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी हादसे के बाद बरामद हुआ।
हादसों के इतर जिले में दो अन्य दुखद घटनाओं ने भी लोगों को स्तब्ध कर दिया। रुद्रपुर में मकान में पुताई का काम करते समय ऊंचाई से फिसलकर गिरने के कारण बिलासपुर निवासी 52 वर्षीय पेंटर श्याम सुंदर की मौत हो गई। दूसरी ओर, रामनगर के हाथीडंगर क्षेत्र में गुरुद्वारे के समीप सिंचाई विभाग की नहर से 12वीं कक्षा के 18 वर्षीय छात्र मुकुल अधिकारी का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस इन दोनों मामलों में भी अलग से जांच पड़ताल कर रही है।