BJP-कांग्रेस देखती रह गईं, UKD ने मार ली बाजी; 16 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी होते ही उत्तराखंड में मचा सियासी भूचाल

BJP-कांग्रेस देखती रह गईं, UKD ने मार ली बाजी; 16 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी होते ही उत्तराखंड में मचा सियासी भूचाल

उत्तराखंड के सियासी रण में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों को पछाड़ते हुए उम्मीदवारों के चयन में पहली बाजी मार ली है। यूकेडी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने 16 अधिकृत प्रत्याशियों की पहली सूची घोषित कर दी है। इस सूची में पार्टी के वरिष्ठतम नेता काशी सिंह ऐरी को पिथौरागढ़, पुष्पेश त्रिपाठी को द्वाराहाट और आशीष नेगी को कर्णप्रयाग विधानसभा सीट से चुनावी मुकाबले में उतारा गया है।

पार्टी के संसदीय बोर्ड की हरी झंडी मिलने के बाद केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त कुकरेती ने देहरादून प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इन नामों पर आधिकारिक मुहर लगाई। कुकरेती ने स्पष्ट किया कि पहले चरण में उन प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है जहां पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वाभाविक दावेदार थे और संगठन के भीतर जिनके नामों को लेकर पहले से पूर्ण सहमति थी।

उन्होंने बताया कि बाकी प्रत्याशियों की घोषणा आगामी तीन चरणों में की जाएगी, जिसमें पहले उन क्षेत्रों पर फैसला होगा जहां दावेदारों की संख्या केवल एक या दो है। इसके अतिरिक्त, क्षेत्रीय अस्मिता से जुड़े समान विचारधारा वाले अन्य संगठनों के साथ चुनावी गठबंधन की संभावनाएं भी तलाश की जा रही हैं, लिहाजा संभावित गठबंधन वाली सीटों पर प्रत्याशी उतारने में कोई जल्दबाजी नहीं होगी। प्रेस वार्ता में संसदीय बोर्ड अध्यक्ष चंद्रशेखर कापड़ी, शांति प्रसाद भट्ट, जय प्रकाश उत्तराखंडी और लुसुन टोडिरिया सहित कई शीर्ष नेता उपस्थित रहे।

पहली सूची में सबसे चर्चित नाम पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गोविंद सिंह कुंजवाल के भतीजे दिनेश कुंजवाल का है। हाल ही में कांग्रेस का दामन छोड़ यूकेडी में आए दिनेश कुंजवाल को पार्टी ने जागेश्वर सीट से अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है, जिसके चलते इस सीट पर चाचा और भतीजे के बीच सीधी राजनीतिक जंग देखने को मिल सकती है। वर्ष 2022 के पिछले विधानसभा चुनाव में उक्रांद ने 48 सीटों पर ताल ठोकी थी, हालांकि पार्टी को किसी भी सीट पर जीत हासिल नहीं हो सकी थी। इस बार दल ने अपनी पुरानी गलतियों से सबक लेते हुए बेहद सधे और रणनीतिक अंदाज में चुनावी अभियान का शंखनाद किया है।

इस सूची में शामिल एकमात्र महिला प्रत्याशी रितु कंडियाल जुयाल के नाम ने राजनीतिक गलियारों में सबको हैरान कर दिया है, जिन्हें हरिद्वार जिले की खानपुर सीट से टिकट थमाया गया है। रितु पहले कांग्रेस में सक्रिय थीं और वर्ष 2014 के एक चर्चित सचिवालय प्रकरण में नाम आने के बाद उन्हें यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पद से हटा दिया गया था। हालांकि केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त कुकरेती ने इस पुराने विवाद की जानकारी होने से इनकार किया है। पहली सूची में पिथौरागढ़ से काशी सिंह ऐरी, द्वाराहाट से पुष्पेश त्रिपाठी, देवप्रयाग से पूरण सिंह कठैत, प्रतापनगर से पंकज व्यास, कर्णप्रयाग से आशीष नेगी, जागेश्वर से दिनेश कुंजवाल, राजपुर रोड से देवचंद उत्तराखंडी, सल्ट से प्रताप सिंह, टिहरी से डीडी पंत, कपकोट से वरुण चंदोला, काशीपुर से प्रदीप चंद, नानकमत्ता से कैलाश सिंह पांगती, रामनगर से भुवन चंद, देहरादून कैंट से सेवानिवृत्त कमांडेंट राजेंद्र सिंह नेगी, खानपुर से रितु कंडियाल जुयाल और धनौल्टी से चंदन सिंह राणा के नाम शामिल हैं।