
World News: डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही वह आधिकारिक तौर पर देश के राष्ट्रपति बन गए हैं। ट्रंप ने पदभार ग्रहण करने के बाद से कई कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए हैं। इनमें विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की सदस्यता से अमेरिका को हटाने का आदेश भी शामिल है।
शपथ लेने के बाद ट्रंप ओवल ऑफिस पहुंचे। उन्होंने यहां कई कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किये। इस दौरान उन्होंने भारी तादाद में बाइडन सरकार के 78 फैसलों को पलट दिया है। इसके साथ ही उन्होंने पेरिस जलवायु समझौते से अमेरिका के हटने की घोषणा की।
ट्रंप ने कहा कि हम एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करने जा रहे हैं। सबसे पहले, मैं पिछली सरकार द्वारा लिए गए विनाशकारी निर्णयों को वापस लूंगा। यह अमेरिकी इतिहास की सबसे ख़राब सरकार थी।
शपथ लेते ही ट्रंप ने किन फाइलों पर किए हस्ताक्षर:-
कैपिटल हिल पर 6 जनवरी, 2021 को हुए हमले के आरोपी 1,500 लोगों को माफ़ी।
ड्रग कार्टेल को आतंकवादी संगठन घोषित किया जाएगा।
अमेरिकी लोगों को संयुक्त राज्य अमेरिका की दक्षिणी सीमा के माध्यम से अवैध रूप से देश में प्रवेश करने वाले लोगों से सुरक्षा मिलेगी।
मैक्सिको और कनाडा पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा। यह 1 फरवरी से लागू हो सकता है।
अमेरिका पेरिस जलवायु समझौते से हटेगा।
संघीय सरकार में नियुक्तियाँ योग्यता के आधार पर होंगी।
सरकारी सेंसरशिप समाप्त कर दी जाएगी और अमेरिका में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बहाल की जाएगी।
अमेरिका में तीसरे लिंग को अवैध घोषित किया गया।
अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर राष्ट्रीय आपातकाल घोषित।
राष्ट्रीय ऊर्जा आपातकाल की घोषणा।
इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के अनिवार्य उपयोग को समाप्त कर दिया गया है।
अमेरिका में जन्म से नागरिकता समाप्त कर दी गई है।
टिकटॉक को अमेरिका में 75 दिन की और राहत मिली।