गटर का पानी रिसाइकिल कर पीते हैं इस शहर के लोग: 50 साल से चल रहा सिस्टम, चौंकाने वाली है ये तकनीक
जल संकट किसी भी देश या सभ्यता को किस हद तक नए प्रयोग करने पर मजबूर कर सकता है, इसका सबसे अनूठा और हैरान करने वाला उदाहरण अफ्रीकी देश नामीबिया की राजधानी विंडहोक में देखने को मिलता है। इस शहर के बाशिंदे अपने ही घरों और सीवरों से निकलने वाले गंदे पानी को रिसाइकिल कर पीने के काम में लाते हैं।
पहली नजर में यह बात अजीब लग सकती है, लेकिन उन्नत और सुरक्षित जल शोधन तकनीक की बदौलत यहां के नागरिक पिछले पांच दशकों से बिना किसी हिचकिचाहट के इस पानी का दैनिक उपयोग कर रहे हैं।
क्यों पैदा हुआ इतना विकराल जल संकट?
दक्षिण अफ्रीका के पड़ोसी देश नामीबिया की कुल आबादी लगभग 32 लाख (3.2 मिलियन) है। भौगोलिक रूप से यह एक सूखा और अर्ध-शुष्क देश है, जहां की अधिकतर नदियां सालभर सूखी रहती हैं। राजधानी विंडहोक में जल शोधन संयंत्र के संचालन में मदद करने वाली वैश्विक कंपनी 'वेओलिया' (Veolia) के आंकड़ों के मुताबिक, इस इलाके में पूरे साल में औसतन मात्र 300 मिलीमीटर बारिश होती है।
भीषण गर्मी के चलते बरसने वाले पानी का 83 प्रतिशत हिस्सा वाष्पीकृत (Evaporate) होकर हवा में उड़ जाता है, जबकि जमीन सिर्फ 1 प्रतिशत पानी ही सोख पाती है। प्राकृतिक जलस्रोतों के अभाव के चलते विंडहोक प्रशासन के सामने पानी की हर एक बूंद को दोबारा इस्तेमाल के लायक बनाने के अलावा कोई दूसरा चारा नहीं बचा था।
1968 से जारी है सीवेज के पानी को शुद्ध करने का सफर
विंडहोक में सीवेज के पानी को सीधे पीने योग्य पानी में बदलने का यह साहसिक प्रयोग आज का नहीं है। साल 1968 में इसी शहर के गोरांगब अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण संयंत्र (Goreangab Wastewater Recycling Plant) में पहली बार 'डायरेक्ट पोर्टेबल रीयूज' तकनीक का सफल परीक्षण किया गया था। उस दौर में यह दुनिया का पहला ऐसा प्लांट था जिसने गटर के पानी को सीधे नल तक पहुंचाने का मानक स्थापित किया। आज इस अत्याधुनिक रिसाइक्लिंग सिस्टम के जरिए रोजाना लगभग 21,000 क्यूबिक मीटर पानी शुद्ध कर शहर की जलापूर्ति को निर्बाध रूप से चालू रखा जा रहा है।
2002 में तैयार हुआ नया मॉडर्न प्लांट: 10 स्तरों पर होती है पानी की जांच
शुरुआती संयंत्र के दशकों पुराने होने के बाद वर्ष 2002 में एक नया और बेहद उन्नत 'न्यू गोरांगब रिक्लेमेशन प्लांट' स्थापित किया गया। यह आधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट वर्तमान में विंडहोक शहर के लगभग 3,50,000 नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल मुहैया करा रहा है। गंदे पानी को क्रिस्टल क्लीयर और बैक्टीरिया मुक्त बनाने के लिए यहां 10 चरणों की जटिल वैज्ञानिक प्रक्रिया अपनाई जाती है, जिसमें ओजोन ट्रीटमेंट (Ozone Treatment), एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर और फाइन मेंब्रेन फिल्ट्रेशन तकनीक शामिल है। इन सख्त वैज्ञानिक पैमानों के कारण यह पानी सामान्य भूजल या बोरवेल के पानी से भी अधिक शुद्ध और मानक स्तर पर खरा साबित होता है।