'न युद्ध, न शांति' का खेल खत्म! ईरान के सर्वोच्च नेता ने दे दिया अब तक का सबसे बड़ा आदेश, खौफ में इजरायल

'न युद्ध, न शांति' का खेल खत्म! ईरान के सर्वोच्च नेता ने दे दिया अब तक का सबसे बड़ा आदेश, खौफ में इजरायल

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद मोजतबा खामेनेई ने देश की नीति को लेकर एक बड़ा रणनीतिक निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब 'न युद्ध, न शांति' वाले असमंजस को समाप्त करने का समय आ चुका है। ईरानी समाचार एजेंसी इरना के मुताबिक, खामेनेई ने यह स्पष्ट संदेश देश की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद को सौंपा है, जिसके बाद राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कैबिनेट बैठक बुलाकर इस आदेश को पूरी गंभीरता और पूर्ण क्षमता के साथ जमीन पर उतारने के निर्देश दिए हैं।

राष्ट्रपति पेजेशकियान ने सर्वोच्च नेता के इस रुख को मुल्क के भविष्य के लिए एक अत्यंत निर्णायक मोड़ बताते हुए सभी मंत्रियों, प्रशासनिक शाखाओं और अधिकारियों को किसी भी नए अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम का तत्काल मुकाबला करने के लिए चौबीसों घंटे अलर्ट रहने को कहा है।

दुश्मनों के सामने कभी नहीं झुकेगा ईरान: राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान

मंत्रिपरिषद को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि विरोधी मुल्क यह मुगालता बिल्कुल छोड़ दें कि वे अपने हमलों से ईरानी अवाम के मजबूत हौसले को तोड़ सकते हैं या देश को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर कर देंगे। उन्होंने हाल के दौर में अमेरिका और इजराइल से जुड़े हमलों में जान गंवाने वाले नागरिकों, छात्रों और बच्चों को श्रद्धांजलि दी और मिनाब व लामेर्द में हुए हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन करार दिया।

राष्ट्रपति ने पश्चिमी ताकतों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक तरफ आतंकवाद के खात्मे की वकालत की जाती है और दूसरी तरफ रिहायशी मकानों, स्कूलों और अस्पतालों को निशाना बनाया जा रहा है, जो उनके दोहरे चरित्र को बेनकाब करता है। साथ ही उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि इन मौतों और मानवाधिकार हनन का मुद्दा संयुक्त राष्ट्र, ब्रिक्स और शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) जैसे मंचों पर पूरी ताकत से उठाया गया है।

संसद अध्यक्ष ने मोजतबा खामेनेई की सेहत पर दी जानकारी, कूटनीति भी तेज

कैबिनेट बैठक के दौरान विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने कतर, सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के साथ हुई हालिया उच्चस्तरीय बैठकों के अलावा राष्ट्रपति की मॉस्को यात्रा से जुड़े अहम कूटनीतिक ब्योरे साझा किए। वहीं दूसरी ओर ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबफ ने संसद में साफ किया कि सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनका हौसला बेहद मजबूत है।

राजनयिक सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रपति पेजेशकियान और खामेनेई के बीच हाल ही में करीब 7 घंटे लंबी अहम बैठक भी हुई है। सुरक्षा प्रोटोकॉल के चलते मोजतबा खामेनेई अभी सार्वजनिक रैलियों से दूर रहकर पर्दे के पीछे से सरकार का मार्गदर्शन कर रहे हैं, जबकि इरना के अनुसार उन्होंने हाल ही में विश्वविद्यालय के छात्रों के पत्रों का उत्तर देकर युवाओं से ज्ञान और आस्था के बल पर इस्लामिक गणराज्य को तरक्की की ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान किया है।