हवाई सफर करने वाले सावधान! इस खास मॉडल के पावर बैंक पर लगा पूर्ण प्रतिबंध, ले गए तो सीधे होगी कार्रवाई

हवाई सफर करने वाले सावधान! इस खास मॉडल के पावर बैंक पर लगा पूर्ण प्रतिबंध, ले गए तो सीधे होगी कार्रवाई

हवाई सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमानन नियामक ने एक सख्त कदम उठाया है, जिसके तहत नेपाल से भारत आने वाले विमानों में एक खास मॉडल के पावर बैंक को ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। राष्ट्रीय ध्वजवाहक नेपाल एयरलाइंस ने एक आधिकारिक एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को सूचित किया है कि भारत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के सर्कुलर के आधार पर यह रोक तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

नए सुरक्षा दिशानिर्देशों के मुताबिक, 'मोबिकिंस एमके पीबी-04' (Mobikins MK PB-04) मॉडल के पावर बैंक पर यह पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। एयरलाइंस ने स्पष्ट किया है कि भारत से या भारत के लिए उड़ान भरने वाली किसी भी फ्लाइट में यात्री इस पावर बैंक को न तो अपने केबिन (हैंडबैग) में रख सकते हैं, न ही इसे चेक-इन बैगेज में डालने की अनुमति होगी और न ही इसे कार्गो के जरिए भेजा जा सकेगा। सुरक्षा जांच के दौरान अगर यह डिवाइस पाई जाती है, तो उसे मौके पर ही जब्त कर लिया जाएगा।

विमानन अधिकारियों ने यह कड़ा फैसला हाल ही में आसमान में हुए एक खतरनाक हादसे के बाद लिया है। दिल्ली से चेन्नई के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया था, जब एक यात्री के पावर बैंक में अचानक आग लग गई और धुआं फैलने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलटों ने तत्परता दिखाते हुए विमान को हैदराबाद डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई थी। उसी हादसे से सबक लेते हुए यात्रियों की जान-माल की हिफाजत के मद्देनजर अब इस तकनीकी मॉडल को उड़ानों में ले जाने से बाहर कर दिया गया है।