जर्मनी में बड़ा हादसा: बोखुम शहर में भीषण आग लगने से तीन भारतीय छात्रों की दर्दनाक मौत

जर्मनी में बड़ा हादसा: बोखुम शहर में भीषण आग लगने से तीन भारतीय छात्रों की दर्दनाक मौत

जर्मनी के बोखुम शहर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां नॉर्थ राइन-वेस्टफेलिया राज्य में एक भीषण आग लगने की घटना में पढ़ाई कर रहे तीन भारतीय छात्रों की जान चली गई है। इस दुखद हादसे में जान गंवाने वालों में 25 और 27 साल की दो युवतियां और 26 साल का एक युवक शामिल है। बर्लिन स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए इस हृदयविदारक घटना की पुष्टि की है और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए बर्लिन में भारतीय दूतावास और फ्रैंकफर्ट स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास लगातार स्थानीय जर्मन अधिकारियों और मृतकों के परिजनों के संपर्क में हैं। परिवारों को हर संभव कानूनी और प्रशासनिक सहायता पहुंचाई जा रही है। तुर्की की समाचार एजेंसी अनादोलू के मुताबिक, पुलिस और अभियोजन अधिकारियों ने आग के विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल की गहन जांच की है। शुरुआती जांच में किसी भी तरह की तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना को सिरे से खारिज कर दिया गया है, जिसके बाद मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस का शक गहरा गया।

संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने उसी इमारत में रहने वाले 41 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के मामलों की जांच करने वाली विशेष टीम उससे पूछताछ कर रही है। जर्मनी के सार्वजनिक प्रसारक एनडीआर (NDR) की रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि आग लगने की इस घटना से ठीक एक दिन पहले रविवार को भी आपसी विवाद को लेकर इसी इमारत में पुलिस बुलाई गई थी। हालांकि, स्थानीय पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पुरानी घटनाओं का इस अग्निकांड से कोई सीधा संबंध फिलहाल सामने नहीं आया है और बोखुम अभियोजन कार्यालय के निर्देश पर आगे की तफ्तीश जारी है।