img

UP Kiran,Digital Desk:  मोहाली के करीब 10 स्कूलों को बम की धमकी मिली है। यह धमकी ईमेल से भेजी गई थी। जानकारी मिलते ही संबंधित स्कूल मैनेजमेंट को अलर्ट कर दिया गया और एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। सुबह स्कूल पहुंचते ही कई बच्चों को गेट से घर वापस भेज दिया गया।

धमकी मिलते ही पुलिस और सिक्योरिटी एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और स्कूल कॉम्प्लेक्स में सिक्योरिटी बढ़ा दी गई। DEO सिटी हरसिमरन बल ने खुद लर्निंग पाथ स्कूल का दौरा किया, जबकि DSP सिटी वन पृथ्वी चहल पैरागॉन स्कूल पहुंचे। पुलिस ने सभी स्कूलों को सील कर दिया है और अंदर ही अंदर जांच कर रही है। किसी को भी गेट से आगे जाने की इजाज़त नहीं है।

इन स्कूलों में छुट्टी की घोषणा

DEO गिन्नी दुग्गल ने बताया कि 10 स्कूलों को धमकियां मिली हैं। इनमें पैरागॉन, लर्निंग पाथ, माइंडड्रीम, जीडी गोयनका, विवेक स्कूल, इंडस और दूसरे स्कूल शामिल हैं। जिन स्कूलों को धमकियां मिली थीं, उन्हें बंद कर दिया गया। इस बीच, सरकारी स्कूलों को अपने ईमेल चेक करने के लिए कहा गया। इस मामले की जानकारी डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस को भी भेजी गई। सुबह स्कूल खुलते ही उन्हें ईमेल मिले। इसके बाद पुलिस टीमों को अलर्ट किया गया और स्कूल बंद कर दिए गए।

चंडीगढ़ के 30 स्कूलों को मिली धमकियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 जनवरी को पंजाब दौरे से पहले चंडीगढ़ के 30 स्कूलों को भी बम की धमकियां मिली थीं। इसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया। जब पुलिस और बम स्क्वॉड टीमों ने स्कूलों के आस-पास के इलाकों को सील करके तलाशी ली, तो किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध चीज़ नहीं मिली।