Up kiran,Digital Desk : दिल्ली हाई कोर्ट की कार्यवाही के दौरान बुधवार को एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। चीफ जस्टिस देवेंद्र उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की खंडपीठ जब जनहित याचिकाओं (PIL) पर नियमित सुनवाई कर रही थी, तभी वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए एक अज्ञात यूजर ने स्क्रीन पर अश्लील (पोर्न) वीडियो साझा कर दिया। इस घटना से कोर्ट रूम में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में ऑनलाइन लिंक को बंद करना पड़ा।
'यूनाइटेड स्टेट्स से हैक' का दावा और शोर-शराबा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 12:56 बजे हुई। जब कोर्ट की कार्यवाही चल रही थी, तभी अचानक स्क्रीन पर अश्लील कंटेंट चलने लगा। वीडियो के साथ पीछे से एक आवाज भी सुनाई दे रही थी, जिसमें कहा गया— "यह यूनाइटेड स्टेट्स से किया गया एक हैक है। मीटिंग को अभी तुरंत बंद कर दो। इसे दोबारा कभी चालू मत करना। तुम हैक हो चुके हो।" अधिकारियों ने तुरंत वीसी बंद कर दी, लेकिन जब कुछ देर बाद कार्यवाही दोबारा शुरू करने की कोशिश की गई, तो उसी यूजर ने फिर से वही हरकत दोहराई। इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से वर्चुअल मीटिंग को पूरी तरह बंद कर दिया गया।
अमेरिका से ब्रॉडकास्ट और 'साइबर अटैक' का अंदेशा
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ये वीडियो कथित तौर पर अमेरिका से ब्रॉडकास्ट किए गए थे। इस हरकत के लिए 'श्रीधर सरनोबत' और 'शीतजीत सिंह' नाम के यूजर अकाउंट्स का इस्तेमाल किया गया था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होनी अभी बाकी है। दिल्ली हाई कोर्ट के इतिहास में इस तरह की यह पहली घटना है, जिसे एक सुनियोजित साइबर अटैक (Cyber Attack) के रूप में देखा जा रहा है।
कोर्ट रूम में पसरा सन्नाटा
चीफ जस्टिस की अदालत में बुधवार का दिन जनहित याचिकाओं के लिए आरक्षित होता है और आज बेंच के सामने करीब 100 मामले सुनवाई के लिए सूचीबद्ध थे। इस अचानक हुए व्यवधान से जज, वरिष्ठ वकील और कोर्ट के कर्मचारी स्तब्ध रह गए। घटना के समय कोर्ट रूम खचाखच भरा हुआ था।
हाई-लेवल जांच के आदेश
दिल्ली हाई कोर्ट प्रशासन ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग इंटरफेस की सुरक्षा में हुई इस बड़ी सेंधमारी की जांच साइबर विशेषज्ञों द्वारा की जा रही है। तकनीकी टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बाहरी यूजर ने सिस्टम में कैसे प्रवेश किया और क्या इसमें किसी अंतरराष्ट्रीय हैकिंग ग्रुप का हाथ है। फिलहाल जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया जारी है।




