फोन की बैटरी का सबसे बड़ा दुश्मन ओवरचार्जिंग नहीं, बल्कि आपकी ये 1 गलती है! आज ही सुधार लें

फोन की बैटरी का सबसे बड़ा दुश्मन ओवरचार्जिंग नहीं, बल्कि आपकी ये 1 गलती है! आज ही सुधार लें

रात को सोने से पहले फोन को चार्जर से कनेक्ट करना अब हमारी डेली रूटीन का हिस्सा बन चुका है। बैटरी 20 से 25 फीसदी पर आते ही हम उसे प्लग-इन करके सुबह तक के लिए यूं ही छोड़ देते हैं। मगर क्या आपके मन में भी ये सवाल उठता है कि रात भर फोन चार्ज करने से क्या उसकी बैटरी जल्दी खराब हो जाएगी या फोन ब्लास्ट हो जाएगा? अगर हां, तो आज हम आपके इस सबसे बड़े कन्फ्यूजन को हमेशा के लिए दूर करने वाले हैं।

अब फोन्स में आने लगी हैं ये नई टेक्नोलॉजी

एक समय था जब टेक एक्सपर्ट्स सलाह देते थे कि मोबाइल की बैटरी को हमेशा 20 से 80 प्रतिशत के बीच ही रखना चाहिए और इसे कभी भी रात भर चार्जिंग पर नहीं छोड़ना चाहिए। यह बात पुरानी लिथियम-आयन बैटरियों के लिए काफी हद तक सही भी थी, क्योंकि बार-बार 0 से 100 प्रतिशत तक चार्ज करने पर बैटरी की उम्र तेजी से घट जाती थी। हालांकि, अब स्मार्टफोन की दुनिया पूरी तरह बदल चुकी है। आजकल के स्मार्टफोन्स एडवांस चार्जिंग कंट्रोल तकनीक से लैस होकर आ रहे हैं, जो ओवरचार्जिंग को खुद ही रोक देते हैं।

ओवरचार्जिंग नहीं, बल्कि 'हीट' है असली दुश्मन

विशेषज्ञों की मानें तो रातभर प्लग-इन रहने से ज्यादा खतरनाक फोन का ज्यादा गर्म होना (Overheating) है। अत्यधिक तापमान के कारण बैटरी के अंदर मौजूद केमिकल कंपोनेंट तेजी से खराब होने लगते हैं। इसलिए, रात में फोन को कभी भी अपने तकिए, कंबल या बिस्तर के नीचे रखकर चार्ज न करें। इसके अलावा, चिलचिलाती धूप या गर्म कार के अंदर भी फोन को छोड़ने से बचें। अगर फोन की गर्मी बाहर नहीं निकल पाएगी, तो बैटरी फूलने या खराब होने का खतरा बढ़ जाता है।

तो क्या फोन को सिर्फ 80% ही चार्ज करना चाहिए

आज के दौर में फोन को सिर्फ 80% तक चार्ज करने की लिमिट कोई सख्त नियम नहीं है। हालांकि, अगर आप चाहें तो सेटिंग्स में जाकर इसे कंट्रोल कर सकते हैं। नए सैमसंग गैलेक्सी, आईफोन 15 (iPhone 15) सीरीज और गूगल पिक्सल 6a व इसके बाद के मॉडल्स में यूजर्स अपनी मर्जी से चार्जिंग लिमिट (80%, 85%, 90% या 95%) सेट कर सकते हैं। मगर अगर आप किसी लंबे सफर पर जा रहे हैं या आपको लगता है कि आप दिन भर चार्जर से दूर रहेंगे, तो आप बेझिझक अपने फोन को 100% तक फुल चार्ज कर सकते हैं। सीधे शब्दों में कहें तो अब आपको रात में उठकर चार्जर निकालने की कोई जरूरत नहीं है, बस फोन को हीट से बचाएं।