नवरात्रि व्रत में 9 दिन रहेगी भरपूर एनर्जी: 1 बार बनाएं और पूरे उपवास खाएं, नोट करें सुपरहेल्दी मखाना लड्डू रेसिपी
शारदीय और चैत्र नवरात्रि में निरतंर 9 दिनों का उपवास रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए ऊर्जा बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में मखाना लड्डू फलाहार का एक बेहतरीन और ताकतवर विकल्प बनकर उभरा है। कैल्शियम, फाइबर और जरूरी एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर मखाना न केवल शरीर को तुरंत एनर्जी देता है, बल्कि लंबे समय तक भूख का एहसास भी नहीं होने देता। इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे एक बार बनाकर पूरे 9 दिनों के लिए आसानी से स्टोर किया जा सकता है।
इस पौष्टिक फलाहारी लड्डू को तैयार करने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में एक चम्मच शुद्ध देसी घी गर्म करें और उसमें 2 कप मखाना डालकर धीमी से मध्यम आंच पर कुरकुरा होने तक भून लें। मखाना सारा घी सोख लेता है, जिससे इसका स्वाद काफी बढ़ जाता है। मखाने क्रिस्पी हो जाएं तो उन्हें ठंडा होने के लिए अलग रख दें। उसी कड़ाही में थोड़ा और घी डालकर 50 ग्राम काजू और 50 ग्राम बादाम को 2 से 4 मिनट तक धीमी आंच पर रोस्ट कर लें। इसके बाद इसमें आधा कप सूखा कद्दूकस किया हुआ नारियल या डेसिकेटेड कोकोनट डालकर हल्का भूनें; चाहें तो नारियल के विकल्प के रूप में भुनी मूंगफली का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
मीठे के संतुलन और खुशबू के लिए एक चौथाई कप चीनी में 2-3 हरी इलायची डालकर मिक्सर में बिल्कुल बारीक पीस लें। अब भुने हुए मखाने और सभी ड्राई फ्रूट्स को मिक्सी के जार में डालकर बारीक पीसकर पाउडर तैयार कर लें। इस मिश्रण में पिसी हुई चीनी को अच्छी तरह मिला लें। अगर मिश्रण सूखा महसूस हो तो बाइंडिंग के लिए आवश्यकतानुसार गर्म देसी घी या दूध मिलाया जा सकता है। अगर लड्डू तुरंत खत्म करने हैं तो दूध का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन यदि पूरे 9 दिन बिना फ्रिज के सामान्य तापमान पर स्टोर करना चाहते हैं तो केवल देसी घी का ही प्रयोग करें। स्वाद को और रिच बनाने के लिए इसमें थोड़ा मावा या कंडेंस्ड मिल्क भी मिलाया जा सकता है।
मिश्रण से मनचाहे आकार के गोल लड्डू बांधकर एयरटाइट डिब्बे में रख लें। यदि लड्डू का आकार नहीं देना चाहते हैं, तो इसी मिश्रण को एक तार की चीनी की चाशनी में मिलाकर थाली में जमाकर स्वादिष्ट मखाना बर्फी भी तैयार की जा सकती है, जो व्रत के दौरान सेहत और स्वाद दोनों का पूरा ध्यान रखेगी।