चुनाव आयोग पर ओवैसी ने साधा निशाना, बोले- नाम बदलकर 'PM जिताओ कमीशन' कर दो

चुनाव आयोग पर ओवैसी ने साधा निशाना, बोले- नाम बदलकर 'PM जिताओ कमीशन' कर दो

उत्तर प्रदेश में चुनावी जमीन तलाशने में जुटी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने आजमगढ़ के अमौड़ा मोहिउद्दीनपुर में रविवार को आयोजित जनसभा में जोरदार हुंकार भरी। चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने समाजवादी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस तीनों पर चौतरफा वार किया। निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने चुनाव आयोग पर तीखा तंज कसा और कहा कि जैसे जेवर एयरपोर्ट का नाम बदला गया है, वैसे ही चुनाव आयोग का नाम भी बदलकर 'प्रधानमंत्री जिताओ कमीशन' कर देना चाहिए।

ओवैसी ने चीफ मिनिस्टर योगी आदित्यनाथ के विकास दावों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2024 में 108 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार कराया गया हवाई अड्डा महज आठ महीने के भीतर बंद पड़ गया। उन्होंने 900 करोड़ रुपये की लागत से बने विश्वविद्यालय का हवाला देते हुए सवाल दागा कि इतने बड़े बजट के बाद भी विद्यार्थियों को अब तक छात्रवृत्ति क्यों नहीं मिल सकी। उपस्थित जनसमूह को सियासी ताकत का महत्व समझाते हुए उन्होंने अपील की कि यदि आपको खुद का राजनीतिक नेतृत्व तैयार करना है, तो सबसे पहले मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और नाम न होने की स्थिति में फॉर्म-6 भरकर तुरंत पंजीकरण कराएं।

सपा के गढ़ माने जाने वाले आजमगढ़ में अखिलेश यादव पर सीधा प्रहार करते हुए ओवैसी ने कहा कि वह यूपी में सिर्फ हुकूमत करने नहीं, बल्कि आम लोगों को उनका नेता बनाने आए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सपा के लंबे शासनकाल के बावजूद ऐतिहासिक शिब्ली कॉलेज को विश्वविद्यालय का दर्जा क्यों नहीं दिलाया गया। 

ओवैसी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिले में दो सांसद, दस विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और चेयरमैन सपा के होने के बाद भी आजमगढ़ विकास में पिछड़ा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव अल्पसंख्यक समुदाय से वोट तो लेते हैं, लेकिन जब उनके संवैधानिक हक और अधिकारों की बात आती है, तब वे पूरी तरह चुप्पी साध लेते हैं।