टिन शेड के अंदर कैद थीं 12 बेटियां; नौकरी के नाम पर बिहार में चल रहा था ऐसा गंदा खेल, पुलिस भी रह गई दंग!

टिन शेड के अंदर कैद थीं 12 बेटियां; नौकरी के नाम पर बिहार में चल रहा था ऐसा गंदा खेल, पुलिस भी रह गई दंग!

बिहार के भोजपुर जिले में युवतियों को नौकरी का झांसा देकर ऑर्केस्ट्रा के दलदल में धकेलने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। धोबहा थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबहा बागीचे में बने टिन शेड के एक मकान में बंधक बनाकर रखी गईं 12 लड़कियों को पुलिस टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। मुक्त कराई गई युवतियों में 9 नाबालिग और 3 बालिग हैं। मौके से इस गैरकानूनी धंधे को संचालित करने वाले बबुरा निवासी मुकेश कुमार पासवान और उत्तर प्रदेश के महाराजगंज की जुली कुमारी को पुलिस ने दबोच लिया है।

सुनसान इलाके में लड़कियों को जबरन कैद करके रखा गया था

सदर एसडीपीओ वन सुशील कुमार के अनुसार पुलिस को रविवार दोपहर गुप्त सूचना मिली थी कि धोबहा बागीचे के सुनसान इलाके में लड़कियों को जबरन कैद करके रखा गया है। सूचना मिलते ही महिला थानाध्यक्ष नीतू कुमारी, एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) की दारोगा गुड़िया कुमारी और धोबहा थानाध्यक्ष वर्षा रानी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर त्वरित छापेमारी की गई। बचाई गई युवतियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उन्हें रोजगार दिलाने के बहाने अलग-अलग राज्यों से यहां लाया गया था और फिर बंधक बनाकर जबरन नर्तकी का काम कराया जा रहा था।

पीड़ित लड़कियां बिहार के सीतामढ़ी, रोहतास, बक्सर और स्थानीय भोजपुर के अलावा पश्चिम बंगाल तथा छत्तीसगढ़ की रहने वाली हैं। लड़कियों के बयानों के आधार पर पुलिस ने धोबहा के केशो पासवान, किशोर राम और मानपुर के सोनू यादव समेत गिरोह के अन्य सहयोगियों को चिन्हित किया है। भोजपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, जुवेनाइल जस्टिस (जेजे) एक्ट और बाल श्रम निषेध कानून सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। विदित हो कि 'ऑपरेशन नया सवेरा 3.0' के तहत भोजपुर पुलिस इससे पूर्व मुफस्सिल और उदवंतनगर इलाकों में भी छापेमारी कर ऑर्केस्ट्रा में फंसी लड़कियों को रेस्क्यू कर चुकी है।