पटना के अटल पथ पर काल बनी स्कॉर्पियो: दुर्गा मेला देखकर लौट रहे 6 लड़कों को रौंदा, 2 की मौके पर मौत
राजधानी पटना के पॉश इलाके पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र अंतर्गत अटल पथ पर देर रात रफ्तार का भीषण कहर देखने को मिला, जहां अनियंत्रित काली स्कॉर्पियो ने दुर्गा पूजा पंडाल देखकर पैदल लौट रहे नाबालिगों के झुंड को रौंद डाला। महेश नगर के पास हुए इस खौफनाक सड़क हादसे में 6 बच्चे लहूलुहान होकर सड़क पर बिखर गए, जिनमें से दो किशोरों ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। मृतकों की शिनाख्त रामकृष्ण नगर क्षेत्र के सदानी चक निवासी 16 वर्षीय अमरजीत कुमार और 17 वर्षीय अंकेश कुमार के रूप में हुई है। यह दर्दनाक घटना उस वक्त हुई जब सभी बच्चे नवरात्रि का मेला और पंडाल घूमकर देर रात पैदल अपने घर लौट रहे थे।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर लगते ही सड़क पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी दुकानदार नीलाधर झा ने बताया कि वे दुकान बंद कर खाना खाने जा रहे थे, तभी कानफोड़ू आवाज के साथ गाड़ी पलटती नजर आई और उसने पैदल चल रहे करीब 7 से 8 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद काले रंग की स्कॉर्पियो का चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बिना वक्त गंवाए ई-रिक्शा और निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, गंभीर रूप से जख्मी दो बच्चों को आईसीयू में बचाने का भरसक प्रयास किया गया लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी, वहीं अन्य घायल बच्चों का इलाज सरकारी अस्पताल में जारी है।
चश्मदीदों के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी बेहद तेज रफ्तार में दौड़ रही थी और उस पर कथित तौर पर जेडीयू (JDU) का एक छोटा झंडा भी लगा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पाटलिपुत्र थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश तेज कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि गाड़ी के मालिक और फरार चालक की सटीक पहचान कर कानूनी शिकंजा कसा जा सके।