फिर इतिहास के पन्नों में दर्ज हुआ बाबर का नाम, लेकिन विराट कोहली का ये महा-रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए
पाकिस्तान के प्रमुख बल्लेबाज बाबर आजम ने इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है। श्रीलंका के विरुद्ध खेली जा रही त्रिकोणीय वनडे सीरीज के पहले मैच में बाबर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 16 हजार रन पूरे कर लिए।
रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए मुकाबले में तीसरे नंबर पर उतरे बाबर को इस जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए महज 7 रन की दरकार थी, जिसे उन्होंने असिथा फर्नांडो की गेंदों पर नफीस कवर ड्राइव और खूबसूरत टाइमिंग के सहारे शुरुआती ओवरों में ही हासिल कर लिया। इस उपलब्धि के साथ ही वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 16 हजार रन पूरे करने वाले पाकिस्तान के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। हालांकि, इस ऐतिहासिक मील के पत्थर को छूने के बावजूद बाबर भारतीय दिग्गज विराट कोहली के सर्वकालिक वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने से पीछे रह गए।
बाबर ने तीनों प्रारूपों की कुल 399 पारियों में अपने 16,000 रन पूरे किए हैं। इसके साथ ही वे पाकिस्तान के लिए इस आंकड़े तक पहुंचने वाले तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज बने। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद यूसुफ ने 388 पारियों में और जावेद मियांदाद ने 398 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं विश्व क्रिकेट के स्तर पर यह रिकॉर्ड भारतीय रन मशीन विराट कोहली के नाम दर्ज है, जिन्होंने महज 350 पारियों में 16 हजार इंटरनेशनल रन ठोक दिए थे।
ऐसे में बाबर इस बड़े क्लब में एंट्री के बाद भी कोहली के वर्ल्ड रिकॉर्ड से 49 पारियां पीछे रह गए। पाकिस्तान की ओर से सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वालों की सूची में इंजमाम-उल-हक (20,541 रन), यूनिस खान (17,790 रन), मोहम्मद यूसुफ (17,134 रन) और जावेद मियांदाद (16,213 रन) के बाद अब बाबर आजम 16,038 रनों के साथ पांचवें पायदान पर आ चुके हैं।
मुकाबले की बात करें तो पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान ने तीसरे ओवर में सैम अयूब का विकेट गंवाया, जिसके बाद बाबर ने क्रीज संभालकर 57 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 45 रनों की उपयोगी पारी खेली।
हालांकि, वे एक अच्छी शुरुआत को बड़े शतक में तब्दील करने से चूक गए और ईशान मलिंगा की गेंद पर आउट हुए। बाबर के अंतरराष्ट्रीय करियर के आंकड़ों को देखें तो उन्होंने 66 टेस्ट मैचों में 4,771 रन, 144 वनडे में 6,671 रन और 145 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 4,596 रन बनाए हैं, जिसमें कुल 32 शतक और 111 अर्धशतक शामिल हैं। इसके साथ ही वनडे प्रारूप में 20 शतक जड़कर वे पूर्व दिग्गज सईद अनवर की बराबरी पर हैं और अब महज एक शतक लगाते ही वे पाकिस्तान के लिए वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले नंबर-1 बल्लेबाज बन जाएंगे।