डंकी रूट से अमेरिका भागा और वहीं से कराया टाइगर पर हमला, कौन है लॉरेंस गैंग का शूटर अनिल पंडित

डंकी रूट से अमेरिका भागा और वहीं से कराया टाइगर पर हमला, कौन है लॉरेंस गैंग का शूटर अनिल पंडित

बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ पर जुहू में हुई खौफनाक गोलीबारी की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे अनिल पंडित ने ली है। सोशल मीडिया पर सामने आए इस दावे के बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं। मूल रूप से हरियाणा के पानीपत का रहने वाला अनिल पंडित साल 2022 में नौकरी की तलाश में दुबई गया था और वहां से अवैध 'डंकी रूट' के जरिए अमेरिका में दाखिल हुआ। 

अमेरिका में उसने गैंगस्टर रणदीप मलिक के साथ मिलकर ट्रांसपोर्ट का कारोबार खड़ा किया और देखते ही देखते संगठित अपराध का एक बड़ा सिंडिकेट तैयार कर लिया। पंडित का नाम इससे पहले दिल्ली, हरियाणा और मुंबई में कई चर्चित वारदातों में सामने आ चुका है, जिसमें पंजाबी गायक गुरु रंधावा से जुड़े दिल्ली के एक जिम में हुई फायरिंग की घटना भी शामिल थी, जहां उसने सलमान खान से नजदीकी का हवाला देकर हमले का दावा किया था।

प्रत्यक्षदर्शी फैंस ने बयां किया आंखों देखा खौफनाक मंजर 

वारदात के वक्त जुहू के पुष्पा नर्सी पार्क के पास मौजूद प्रत्यक्षदर्शी प्रशंसकों ने आंखों देखा खौफनाक मंजर बयां किया है। एक चश्मदीद ने बताया कि वे मौके पर व्लॉग शूट कर रहे थे और फुटबॉल खेलकर निकल रहे टाइगर को जैसे ही उन्होंने आवाज दी, अभिनेता ने मुस्कुराकर हाथ हिलाया। उसी पल एक दुबला-पतला शूटर कार के ठीक सामने आ धमका और उसने अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। 

चश्मदीदों के मुताबिक पहले उन्हें लगा कि कोई प्रशंसक पटाखे फोड़ रहा है, लेकिन गोलियों की तड़तड़ाहट और शीशे टूटने की आवाज सुनते ही चीख-पुकार मच गई। इस हमले में टाइगर के ड्राइवर फिरदौस और पास खड़े ऑटो-रिक्शा चालक उमेश चव्हाण गोली लगने से लहूलुहान हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त मोहित गर्ग ने बताया कि जुहू पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और शूटरों की धरपकड़ के लिए 15 विशेष टीमें तैनात की गई हैं। तकनीकी जांच दल इलाके के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहा है, वहीं क्राइम ब्रांच गैंग के पुराने पैटर्न की तहकीकात में जुटी है। बिश्नोई गिरोह अक्सर सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर उसे तुरंत डिलीट कर देता है और फिर उसके स्क्रीनशॉट वायरल करता है ताकि डिजिटल यूआरएल और आईपी एड्रेस को ट्रैक करना मुश्किल हो जाए। पुलिस यह भी पड़ताल कर रही है कि क्या हाल ही में बॉलीवुड से जुड़ी अन्य हस्तियों को रंगदारी या धमकी भरे कॉल किए गए थे। 

उल्लेखनीय है कि इसी पैटर्न के तहत फरवरी 2026 में डायरेक्टर रोहित शेट्टी के जुहू आवास के बाहर फायरिंग, 24 अप्रैल 2024 को सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हमला और 12 अक्टूबर 2024 को बांद्रा में बाबा सिद्दीकी की हत्या जैसी बड़ी वारदातों में बिश्नोई नेटवर्क का नाम आ चुका है।

इस हाई-प्रोफाइल हमले के बाद महाराष्ट्र सरकार पूरी तरह एक्शन में आ गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती से पूरी रिपोर्ट तलब कर दोषियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने खुद फोन पर टाइगर श्रॉफ से बात कर सुरक्षा का पुख्ता भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है और घबराने की कोई बात नहीं है। 

वहीं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधियों को उन्हीं की भाषा में मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा और किसी भी गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा। दूसरी ओर, इस घटना ने सूबे के सियासी पारे को चढ़ा दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत समेत विपक्षी दलों ने राज्य की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त बताते हुए तीखा तंज कसा और कहा कि महाराष्ट्र अब पूरी तरह अपराध की गिरफ्त में आ चुका है।