36 सेकंड में 1 KM दौड़ी मौत की लपटें! इस देश में मिलिट्री ड्रिल के दौरान जिंदा जले 4 सैनिक, 39 झुलसे

36 सेकंड में 1 KM दौड़ी मौत की लपटें! इस देश में मिलिट्री ड्रिल के दौरान जिंदा जले 4 सैनिक, 39 झुलसे

कनाडा के अल्बर्टा प्रांत स्थित एक सैन्य अड्डे पर वॉर एक्सरसाइज के दौरान अचानक भड़की भीषण आग से बड़ा हादसा हो गया। घास के मैदान में लगी आग की तेज लपटों में घिरने से चार सैनिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 39 जवान बुरी तरह झुलस गए हैं। मेजर जनरल वेड रटलैंड ने एडमंटन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि अधिकारियों को आग लगने की सूचना कई घंटे पहले ही मिल चुकी थी, लेकिन उन्हें लगा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और अभ्यास जारी रखा जा सकता है। तभी अचानक हवा का रुख बदला और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। रटलैंड के अनुसार, हवा बदलने से पहले आग करीब एक किलोमीटर दूर थी, लेकिन चौंकाने वाली रफ्तार से मात्र 36 सेकंड के भीतर एक किलोमीटर का दायरा तय कर यह सीधे सैनिकों के सिर पर पहुंच गई। जवानों को संभलने या पीछे हटने का एक मिनट का भी समय नहीं मिला और वे चारों तरफ से आग के घेरे में फंस गए।

यह दर्दनाक हादसा शनिवार को उस वक्त हुआ जब 'प्रिंसेस पेट्रीसियास कनैडियन लाइट इन्फैंट्री' की तीसरी बटालियन की चार्ली कंपनी के 84 जवान दो टुकड़ियों में बंटकर हाई-इंटेंसिटी कॉम्बैट ड्रिल कर रहे थे। एक ग्रुप ग्रेनेड चलाने का अभ्यास कर रहा था, जबकि दूसरा ग्रुप दुश्मन के काल्पनिक ठिकानों पर हमले की मॉक ड्रिल में जुटा था। आग इसी दूसरे अभ्यास क्षेत्र में फैली, हालांकि घास में आग लगने के मूल कारणों की जांच अभी जारी है। यह बटालियन किसी भी वैश्विक आपात स्थिति में त्वरित तैनाती और आगामी वसंत में लातविया में तैनात कनाडाई सैनिकों की मदद के लिए अहम मिशन की तैयारी में जुटी थी।

अल्बर्टा प्रांत की प्रमुख डेनियल स्मिथ और एक्यूट केयर अल्बर्टा के सीईओ सायह जेल्के के अनुसार, 39 घायल सैनिकों में से 19 की हालत बेहद नाजुक है, 8 की हालत स्थिर है और 12 अन्य जवानों को जरूरी उपचार दिया जा रहा है। अत्यधिक झुलसने की वजह से कई सैनिकों को हफ्तों या महीनों तक आईसीयू में निगरानी में रहना पड़ सकता है। वेनराइट से सभी घायलों को तुरंत एयरलिफ्ट और एंबुलेंस के जरिए एडमंटन के यूनिवर्सिटी ऑफ अल्बर्टा अस्पताल व रॉयल एलेक्जेंड्रा अस्पताल, कैलगरी के फुटहिल्स मेडिकल सेंटर और रेड डियर रीजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस भयावह हादसे पर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने गहरा शोक जताते हुए इसे देश की धरती पर शांतिकाल के दौरान सेना के साथ हुई सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक करार दिया। प्रधानमंत्री ने दिवंगत सैनिकों के सम्मान में देशभर की सभी संघीय सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुकाने का आदेश जारी किया है। सैन्य प्रशासन ने सभी मृतक सैनिकों के परिवारों को सूचित कर दिया है, जिसमें नियमित बलों के साथ-साथ रिजर्व टुकड़ियों के जवान भी शामिल हैं।