त्योहारों से ठीक पहले आम आदमी को लगा 440 वोल्ट का झटका! यूपी में रातों-रात इतनी महंगी हुई CNG
त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही उत्तर प्रदेश के लाखों वाहन चालकों को महंगाई का तगड़ा झटका लगा है। राज्य के कई प्रमुख शहरों में सीएनजी (CNG) एक बार फिर महंगी हो गई है।
इंडियन ऑयल और गेल की संयुक्त उद्यम कंपनी 'ग्रीन गैस लिमिटेड' (GGL) ने सीएनजी के दामो में 2 रुपये से लेकर 3.25 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 3 और 4 अक्टूबर से लागू भी हो चुकी हैं। इस फैसले का सीधा और सबसे ज्यादा असर रोजमर्रा सफर करने वाले आम लोगों, प्राइवेट कार मालिकों, ऑटो-टैक्सी चालकों और कमर्शियल ट्रांसपोर्ट पर पड़ने वाला है।
लखनऊ, आगरा और उन्नाव में 2 रुपये का इजाफा
राजधानी लखनऊ, ताजनगरी आगरा और उन्नाव के उपभोक्ताओं की जेब अब और ढीली होने वाली है। कंपनी ने इन तीनों शहरों में सीएनजी के रेट में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। इस ताज़ा उछाल के बाद लखनऊ और आगरा में सीएनजी 105 रुपये से महंगी होकर 107 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। वहीं, उन्नाव के ग्राहकों को अब 101.75 रुपये के बजाय 103.75 रुपये प्रति किलो का भुगतान करना होगा। ध्यान दें कि लखनऊ और उन्नाव में नई दरें 3 अक्टूबर से, जबकि आगरा में 4 अक्टूबर से प्रभावी हो गई हैं।
अयोध्या और सुल्तानपुर के लोगों को सबसे तगड़ा झटका
सीएनजी की कीमतों में सबसे बड़ी बढ़ोतरी रामनगरी अयोध्या और सुल्तानपुर में देखने को मिली है। यहाँ के उपभोक्ताओं पर सीधा 3.25 रुपये प्रति किलो का बोझ डाला गया है। इस भारी वृद्धि के बाद अयोध्या और सुल्तानपुर में सीएनजी का नया रेट 101.75 रुपये से उछलकर सीधा 105 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है।
आखिर क्यों आसमान छू रहे हैं CNG के दाम?
अचानक बढ़े इन दामों के पीछे कई कारण सामने आ रहे हैं। टीओआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रीन गैस लिमिटेड ने कीमतों में इस उछाल की मुख्य वजह इनपुट गैस की लागत में आई भारी वृद्धि को बताया है। इसके साथ ही, अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट एलएनजी (LNG) की लगातार बढ़ती कीमतों और करेंसी एक्सचेंज रेट में हो रहे उतार-चढ़ाव ने भी कंपनी को खुदरा कीमतों में यह बढ़ोतरी करने पर मजबूर किया है।