15 साल का प्यार और खौफनाक अंत! शादी का दबाव बना रही प्रेमिका का सिर फोड़ा, फिर करंट का बनाया बहाना

15 साल का प्यार और खौफनाक अंत! शादी का दबाव बना रही प्रेमिका का सिर फोड़ा, फिर करंट का बनाया बहाना

महाराष्ट्र के नागपुर में 15 वर्षों से चले आ रहे प्रेम संबंध का बेहद खौफनाक अंत सामने आया है। शादी करने का लगातार दबाव बनाने से नाराज प्रेमी ने अपनी 35 वर्षीय विवाहित प्रेमिका की सिर पर भारी वस्तु से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद शातिर आरोपी ने पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए इसे करंट लगने से हुई आकस्मिक मौत का रूप देने की पूरी कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों ने साजिश की कलई खोल दी। नागपुर की एमआईडीसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जावेद शेख को जलगांव से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच के अनुसार, मृतका कविता नागपुर में एक मेस में काम करती थी, जबकि आरोपी जावेद शेख जलगांव में एसी रिपेयरिंग का काम करता था। दोनों कॉलेज के दिनों से ही एक-दूसरे के संपर्क में थे और अलग-अलग धर्मों के होने के बावजूद दोनों की अपनी-अपनी शादियों के बाद भी उनका प्रेम प्रसंग जारी रहा। जब भी कविता का पति काम के सिलसिले में घर से बाहर होता, जावेद उससे मिलने नागपुर पहुंच जाता था। हालांकि, बीते कुछ समय से कविता उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जिसके चलते जावेद ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनातनी बढ़ गई थी।

घटना वाले दिन जब जावेद नागपुर आया, तो दोनों के बीच शादी को लेकर तीखा विवाद हुआ। गुस्से में आकर जावेद ने कविता के सिर पर भारी वस्तु से जोरदार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जुर्म छुपाने के लिए आरोपी ने शातिराना पैंतरा अपनाते हुए कविता के शव के पास एक चालू इमर्शन रॉड (पानी गर्म करने वाला हीटर) रख दिया ताकि मामला बिजली के झटके से हुई दुर्घटना का लगे। इसके बाद कविता को तुरंत नागपुर एम्स (AIIMS) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शुरुआत में एमआईडीसी पुलिस ने इसे महज एक आकस्मिक मौत मानकर मामला दर्ज किया था। हालांकि, पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों को कविता के सिर पर गहरे घाव और गंभीर अंदरूनी चोटों के निशान मिले। डॉक्टरों ने रिपोर्ट में साफ किया कि मौत करंट से नहीं, बल्कि सिर पर किए गए घातक प्रहार से हुई है और हीटर का इस्तेमाल महज एक सुनियोजित छलावा हो सकता है। शक गहराते ही पुलिस ने मृतका के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाली, जिसमें जावेद शेख के साथ नियमित बातचीत का खुलासा हुआ। तकनीकी लोकेशन और स्थानीय पुलिस के समन्वय से पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी जावेद को जलगांव से दबोच लिया, जहां उसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया।