उत्तराखंड की राजनीति में महाविस्फोट! कांग्रेस विधायक ने दी आत्मदाह की चेतावनी, कहा- 'कराई जा सकती है मेरी हत्या!'

उत्तराखंड की राजनीति में महाविस्फोट! कांग्रेस विधायक ने दी आत्मदाह की चेतावनी, कहा- 'कराई जा सकती है मेरी हत्या!'

उत्तराखंड के हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी और परिजनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे राज्य के सियासी हलकों में हलचल मच गई है। बुधवार शाम एक निजी होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भावुक होते हुए विधायक ने दावा किया कि एक गिरोह 24 घंटे उनके और उनके परिवार के फोन हैक कर निजी गतिविधियों पर नजर रख रहा है। सुमित हृदयेश ने अपनी हत्या कराए जाने की आशंका जताते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान आत्मदाह करने को विवश होंगे।

प्रेसवार्ता में अपनी व्यथा साझा करते हुए सुमित हृदयेश ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकी उपकरणों के जरिए उन्हें गंभीर नुकसान पहुंचाने की साजिश चल रही है। उन्होंने साफ किया कि अप्रैल 2025 में ही उन्होंने इस संबंध में तत्कालीन एसएसपी पीएस मीना से लिखित शिकायत की थी। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और संगठन के शीर्ष नेताओं तक भी अपनी बात पहुंचाई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। विधायक ने कहा कि एक बड़े राजनेता ने उन्हें परोक्ष रूप से चेतावनी देते हुए यह तक कह दिया था कि देर रात उनकी किन नेताओं से बातचीत होती है, इसकी पूरी जानकारी उनके पास है। हालांकि, विधायक ने इस साजिश में राज्य सरकार का हाथ होने से पूरी तरह इनकार किया और इसे संगठित हैकरों का काम बताया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रामनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी और सोनू शर्मा भी मंच पर मौजूद रहे। इस दौरान विधायक ने अपनी ही पार्टी के नेतृत्व से एक भावुक अपील की। उन्होंने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी से आग्रह किया कि संजय नेगी और सोनू शर्मा को ससम्मान पार्टी में वापस लिया जाए। सुमित ने यहां तक कह दिया कि पार्टी चाहे तो आगामी चुनावों में हल्द्वानी विधानसभा सीट से उनकी जगह संजय नेगी को प्रत्याशी बना दे, लेकिन उनकी घर वापसी हर हाल में होनी चाहिए।

विधायक के इन गंभीर आरोपों के सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर अपनी गहरी चिंता प्रकट की है। हरीश रावत ने सुमित हृदयेश को एक होनहार, योग्य और गंभीर जनप्रतिनिधि बताते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय लोगों के खिलाफ संगठित गिरोहों का ऐसा जाल बेहद खतरनाक और चिंताजनक है। पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पूरी कांग्रेस पार्टी और वे स्वयं इस कठिन दौर में सुमित हृदयेश के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने विधायक से धैर्य, संयम और साहस के साथ परिस्थिति का सामना करने का आग्रह किया है।