कर्नाटक में आधी रात को मची चीख-पुकार! 8 साल की बच्ची समेत 5 की मौत, मंजर देख कांप उठे लोग

कर्नाटक में आधी रात को मची चीख-पुकार! 8 साल की बच्ची समेत 5 की मौत, मंजर देख कांप उठे लोग

कर्नाटक की सड़कों पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 8 साल की बच्ची समेत कुल पांच लोगों की जान चली गई, जबकि 30 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे दर्दनाक हादसा हुंसूर के पास पेरियपट्टना में सामने आया, जहां केरल के कोझिकोड से बेंगलुरु जा रही कावेरी ट्रैवल्स की एसी स्लीपर बस की सामने से आ रहे एक ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े।

पेरियपट्टना हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 14 घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, जान गंवाने वाले तीन यात्रियों की पहचान आफताब, साजेश (36) और सुनील के रूप में हुई है, जो केरल के मनकावु इलाके के निवासी थे। चौथे मृतक की शिनाख्त की कोशिशें जारी हैं। पुलिस ने शवों को हुंसूर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की पड़ताल कर रही है।

वहीं, दूसरा हादसा गुरुवार तड़के करीब 3 बजे हुबली के समीप चब्बी क्रॉस पर हुआ। मुंबई से 26 यात्रियों को लेकर बेंगलुरु जा रही एक निजी बस अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी। इस दुर्घटना में 8 साल की एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत 16 लोग जख्मी हो गए। टक्कर के बाद बस ड्राइवर का पैर केबिन में बुरी तरह फंस गया था, जिसे पुलिस और दमकल विभाग की रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। धारवाड़ एसपी गुंजन आर्य के अनुसार, पहली नजर में हादसा तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होकर उछलने की वजह से हुआ प्रतीत होता है। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।