Delhi Traffic Alert: आज घर से निकलने से पहले देख लें ये रूट, कनॉट प्लेस से जंतर-मंतर तक भारी डायवर्जन
राष्ट्रीय राजधानी के दिल नई दिल्ली में मंगलवार को बड़े राजनीतिक विरोध-प्रदर्शन के चलते आम लोगों को भीषण जाम और आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। जंतर-मंतर के साथ-साथ संसद भवन से निर्वाचन सदन तक विपक्षी दलों के बड़े मार्च को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 8:00 बजे से विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी लागू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने कनॉट प्लेस, पटेल चौक, पार्लियामेंट स्ट्रीट, विंडसर प्लेस, अशोक रोड, गोल डाकखाना (GPO) और जंतर-मंतर रोड के पूरे इलाके में वाहनों के आवागमन को रेगुलेट और डायवर्ट कर दिया है। ट्रैफिक पुलिस ने दैनिक यात्रियों को सलाह दी है कि वे प्रभावित इलाकों की ओर गैर-जरूरी यात्रा से बचें, अतिरिक्त समय लेकर निकलें और भारी बैरिकेडिंग व डायवर्जन से बचने के लिए निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन का अधिकतम इस्तेमाल करें। साथ ही प्रतिबंधित क्षेत्रों के आसपास वाहन पार्क न करने और ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
सड़कों पर यह सख्ती विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' (INDIA Block) के शक्ति प्रदर्शन के चलते की गई है। गठबंधन में शामिल 19 विपक्षी दलों के सांसद चुनाव आयोग मुख्यालय का घेराव करने के लिए सड़क पर उतर रहे हैं। 'सेव डेमोक्रेसी मार्च' के नाम से आयोजित यह 3 किलोमीटर लंबा पैदल मार्च संसद भवन के मकर द्वार से सुबह 10:30 बजे शुरू होकर अशोक रोड स्थित भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के दफ्तर तक पहुंचेगा। इस विरोध प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ सांसद संजय राउत और अनिल देसाई समेत तमाम बड़े विपक्षी नेता अगुवाई कर रहे हैं। इस संयुक्त मार्च में कांग्रेस, सपा, तृणमूल कांग्रेस (TMC), एनसीपी (शरदचंद्र पवार), शिवसेना (यूबीटी), राजद (RJD), सीपीएम, सीपीआई, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, जेएमएम, सीपीआई-एमएल, आईयूएमएल, केरल कांग्रेस (एम), एमडीएमके, वीसीके, आरएसपी, फॉरवर्ड ब्लॉक और केरल कांग्रेस (जे) के सांसद पूरी एकजुटता के साथ शामिल होकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं।