फ्लिपकार्ट से मांगी थी नौकरी, अब सरकार की नाक में किया दम; 'CJP' नेता सौरभ दास का सीक्रेट वायरल

फ्लिपकार्ट से मांगी थी नौकरी, अब सरकार की नाक में किया दम; 'CJP' नेता सौरभ दास का सीक्रेट वायरल

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक और केंद्र सरकार के खिलाफ अपने तीखे तेवरों के लिए पहचाने जाने वाले सौरभ दास इन दिनों सोशल मीडिया पर अपने अतीत को लेकर चर्चा में हैं। 27 वर्षीय सौरभ की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। लीगल रिपोर्टर से एक आक्रामक राजनीतिक 'प्रेशर ग्रुप' का अहम चेहरा बनने वाले सौरभ कभी एक सफल मॉडल बनना चाहते थे। 

9 साल पहले ई-कॉमर्स कंपनियों के आगे फैलाए थे हाथ

सोशल मीडिया पर उनके 9 साल पुराने ट्वीट्स तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वह महज 18 साल की उम्र में रोजगार की तलाश करते हुए ई-कॉमर्स कंपनियों से मॉडलिंग का काम मांग रहे थे। 

कुछ पुराने स्क्रीनशॉट्स के सामने आने के बाद आलोचक उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं। 22 मई 2017 की रात 10:12 मिनट पर सौरभ ने फ्लिपकार्ट और उनके कस्टमर केयर को टैग करते हुए लिखा था कि वह उनके प्रोडक्ट्स के लिए मॉडल बनना चाहते हैं और उन्हें मदद की जरूरत है। इसी रात उन्होंने स्नैपडील जैसी अन्य कंपनियों को भी काम के लिए संपर्क किया था।

हालांकि, बालिग होते ही रोजगार तलाशना या मॉडलिंग को करियर के तौर पर चुनना कोई गलत बात नहीं है, मगर उनके आलोचक इन पुरानी कोशिशों का मजाक उड़ाते हुए भद्दे कमेंट्स कर रहे हैं। फिलहाल सौरभ दास ने इस ट्रोलिंग पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। सौरभ का सफर सिर्फ मॉडलिंग तक सीमित नहीं रहा। काम न मिलने के बाद उन्होंने अपना रास्ता बदला और लंबे समय तक एक फ्रीलांस 'लीगल रिपोर्टर' के रूप में काम किया। उन्होंने कई प्रतिष्ठित मैगजीन के लिए सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट की कार्यप्रणाली और जजों पर बेबाकी से कंटेंट लिखा। 

इसी दौरान उनके पुराने दोस्त अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' नाम से एक पेज बनाया। जैसे-जैसे इस पेज के फॉलोअर्स बढ़े, सौरभ दास के करियर ने एक नया मोड़ ले लिया। आज सौरभ दास इस पॉलिटिकल प्रेशर ग्रुप का सबसे चर्चित चेहरा हैं जो सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक अलग-अलग मुद्दों पर सरकार को घेर रहे हैं। उनके आक्रामक रवैये को देखते हुए भविष्य में उनके मुख्यधारा की राजनीति में कदम रखने की अटकलों को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता।