सुबह-सुबह सनसनी, लाठियों से पीट-पीटकर युवक की हत्या से सहमा पूर्वी दिल्ली का इलाका
राजधानी दिल्ली के पूर्वी इलाके से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मयूर विहार फेज 3 इलाके में रविवार तड़के सुबह करीब पांच बजे एक युवक की बेरहमी से लाठियों और डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दशहत का माहौल है और लोगों की नींद उड़ी हुई है। न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र की पुलिस को जैसे ही इस घटना की भनक लगी, आनन-फानन में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और हालात का जायजा लेते हुए तफ्तीश शुरू कर दी है।
पहचान छिपाने की चुनौती और सुरक्षा गार्ड का खौफनाक अनुभव
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस के लिए सबसे पहली और बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना बनी हुई है, क्योंकि अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों और थानों से गुमशुदगी के मामलों को खंगालकर उसकी पहचान करने में जुटी है।
इस बीच मौके पर मौजूद एक सुरक्षा गार्ड नंदलाल यादव ने जो खुलासे किए हैं, वे रोंगटे खड़े करने वाले हैं। गार्ड ने मीडिया को बताया कि सुबह करीब चार बजे उसने दो लोगों को वहां देखा था, जिनमें से एक शख्स बेदर्द होकर पीड़ित पर लाठियों और लोहे की रॉड से वार कर रहा था। जब गार्ड ने हिम्मत जुटाकर बीच-बचाव करने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसे भी जान से मारने की धमकी दे डाली, जिसके बाद उसने तुरंत अपनी सुरक्षा चौकी पर लौटकर पुलिस को फोन किया।
पुलिस की ताबड़तोड़ जांच और आरोपियों की तलाश जारी
दिन निकलते ही हुई इस हत्या के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। न्यू अशोक नगर थाने की विशेष टीमें घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि हमलावरों के चेहरे और उनकी संख्या का साफ-साफ पता चल सके। शुरुआती जांच में अभी तक हमले के पीछे की असली वजह सामने नहीं आ पाई है कि आखिर इस निर्मम वारदात को किस रंजिश के तहत अंजाम दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया जाएगा और इस जघन्य अपराध के पीछे का सच सामने लाया जाएगा।