बंगला साहिब में हंगामे पर बवाल: DSGMC ने पुलिस कमिश्नर से की AAP नेताओं की शिकायत, केजरीवाल का भी नाम शामिल
ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब परिसर में कथित हंगामे और नारेबाजी के मामले ने अब बड़ा राजनीतिक और कानूनी मोड़ ले लिया है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को औपचारिक लिखित शिकायत सौंपकर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। इस शिकायत में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम भी सीधे तौर पर शामिल किया गया है।
कमेटी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक एक सोची-समझी योजना के तहत गुरुद्वारा परिसर में दाखिल हुए और वहां जमकर राजनीतिक नारेबाजी व विरोध प्रदर्शन किया। प्रबंधक कमेटी का कहना है कि पवित्र स्थल पर इस तरह के आचरण से गुरुद्वारे की धार्मिक मर्यादा और शांति को गहरी ठेस पहुंची है। स्थिति बिगड़ने पर सेवादारों और प्रबंधन ने हस्तक्षेप कर शांति बहाल करने का प्रयास किया, लेकिन इसके बाद माहौल को बिगाड़ने के लिए सोशल मीडिया पर चुनिंदा वीडियो प्रसारित किए गए।
DSGMC ने पुलिस को घटना से जुड़े वीडियो फुटेज सौंपते हुए आरोप लगाया है कि 'आप' नेताओं और विधायकों ने घटना को तोड़-मरोड़कर पेश किया और उल्टा प्रबंधन पर ही बेबुनियाद आरोप मढ़े। कमेटी का दावा है कि अरविंद केजरीवाल ने भी सार्वजनिक रूप से इन भ्रामक दावों का समर्थन किया। सिख संस्था ने दिल्ली पुलिस से मांग की है कि परिसर में हंगामा करने वालों के साथ-साथ पर्दे के पीछे से इस प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार करने वाले मास्टरमाइंड की पहचान की जाए और सभी डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रख निष्पक्ष व त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए।
उधर, राजधानी दिल्ली में राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है क्योंकि विपक्षी इंडिया गठबंधन के नेता चुनाव आयोग और सीईसी के मुद्दे पर सड़कों पर उतर रहे हैं, जिससे राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त कर दिया गया है।