अधिकारियों की गाड़ियों पर पुष्पवर्षा और भंगड़ा, पंजाब में CBI की रेड के दौरान दिखा सबसे हैरान करने वाला नजारा!
पंजाब की सियासत में उस वक्त अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला जब मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजवीर के घर केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) की टीम ने दस्तक दी। कल रात चल रही इस छापेमारी के बीच अचानक सुरक्षा व्यवस्था को ताक पर रखकर ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई देने लगी। मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने न सिर्फ सीबीआई की गाड़ियों पर फूल बरसाए, बल्कि भांगड़ा करते हुए जश्न मनाना शुरू कर दिया। केंद्रीय एजेंसी के एक्शन के बीच इस तरह के हुड़दंग को पंजाब पुलिस ने गंभीर सुरक्षा चूक माना है।
जांच और सुरक्षा प्रोटोकॉल में ढिलाई बरतने के आरोप में भवानीगढ़ के थाना प्रभारी (SHO) यशपाल शर्मा पर गाज गिरी है। उच्च अधिकारियों ने त्वरित संज्ञान लेते हुए एसएचओ को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, वारिस पंजाब दे से जुड़े नेता चमनदीप मिलखी और शिरोमणि अकाली दल (पुनर्स्थापित) के नेता विजय लंकेश अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने रेड के दौरान अधिकारियों की गाड़ियों पर पुष्पवर्षा की और ढोल बजवाकर माहौल को गरमा दिया।
इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और आज सुबह करीब 8 बजे दोनों मुख्य नेताओं, चमनदीप मिलखी और विजय लंकेश को हिरासत में ले लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि एक संवेदनशील केंद्रीय जांच के दौरान इस तरह का आचरण कानून-व्यवस्था और सुरक्षा दोनों के लिए सीधा खतरा था, जिसके चलते मौके पर तैनात पुलिस नेतृत्व के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।