मामा की बेटी से की लव मैरिज, डेढ़ महीने बाद घर में घुसकर युवक को गोलियों से भूना; पिता भी लहूलुहान
पंजाब के तरनतारन जिले से ऑनर किलिंग का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। झबाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव पंजवार में रिश्ते में मामा की बेटी से प्रेम विवाह करने पर एक युवक को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया गया। हमले में युवक के पिता भी गोलियां लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं, जिनका अमृतसर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजवार निवासी अमृतपाल सिंह ने करीब डेढ़ महीने पहले अपने सगे मामा की बेटी लकी के साथ प्रेम विवाह किया था। इस अंतर-पारिवारिक शादी को लेकर लड़की पक्ष के लोग शुरुआत से ही सख्त ऐतराज जता रहे थे और दोनों परिवारों के बीच गहरी रंजिश पनप गई थी। रविवार शाम लड़की के परिजन हथियारों से लैस होकर अमृतपाल के घर आ धमके। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई तीखी तकरार कुछ ही पलों में खूनी संघर्ष में बदल गई।
विवाद बढ़ने पर लड़की पक्ष के लोगों ने आव देखा न ताव और अमृतपाल तथा उसके पिता कश्मीर सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचते, हमलावर जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी बेहद नाजुक स्थिति को देखते हुए अमृतसर रेफर कर दिया। अमृतसर के निजी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ते हुए आखिरकार अमृतपाल सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि कश्मीर सिंह की हालत लगातार चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना पाकर पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और साक्ष्य जुटाए। तरनतारन के डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है। पुलिस ने हमलावरों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है और अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।