पंजाब में फिर टारगेट किलिंग: तरनतारन में गुरुद्वारे से लौट रहे ASI इकबाल सिंह की गोली मारकर हत्या

पंजाब में फिर टारगेट किलिंग: तरनतारन में गुरुद्वारे से लौट रहे ASI इकबाल सिंह की गोली मारकर हत्या

पंजाब के तरनतारन जिले में कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती देते हुए अज्ञात हमलावरों ने पंजाब पुलिस के एक सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। दिल दहला देने वाली यह वारदात थाना सरहाली क्षेत्र के गांव नौशहरा पन्नूआ में रविवार को हुई। फिरोजपुर पुलिस में तैनात एएसआई इकबाल सिंह ड्यूटी खत्म होने के बाद सिविल कपड़ों में अपने पैतृक गांव के गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने पहुंचे थे। अरदास कर जब वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी घात लगाकर पीछे से आए बाइक सवार शूटरों ने उन्हें बिल्कुल नजदीक से अंधाधुंध गोलियां मार दीं, जिससे उनकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर हमलावर हथियारों को लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

वारदात से जुड़ा एक बेहद सनसनीखेज पहलू यह भी सामने आया है कि महज एक महीने पहले ही एएसआई इकबाल सिंह के भतीजे की भी अज्ञात लोगों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी। परिवार में महीने भर के भीतर यह दूसरी टारगेट किलिंग होने से इलाके में भारी दहशत और आक्रोश फैल गया है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों वारदातों के आपसी संबंध और किसी पुरानी रंजिश के एंगल की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन परिवार की पृष्ठभूमि और पुरानी रंजिशों को केंद्र में रखकर जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

पंजाब में पुलिस अधिकारियों पर हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है; इससे पहले पड़ोसी जिले अमृतसर में भी पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान एएसआई हरजीत सिंह को अज्ञात बाइक सवारों ने सरेआम गोली मार दी थी। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर खोखे व अन्य भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं। स्थानीय सरहाली थाना पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकेबंदी कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर फरार हमलावरों की पहचान व धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया है।