स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, परिजनों ने प्रिंसिपल को पीटा; POCSO में केस दर्ज

स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, परिजनों ने प्रिंसिपल को पीटा; POCSO में केस दर्ज

राजस्थान के झुंझुनूं जिले से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। नवलगढ़ उपखंड के गोठड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ प्रिंसिपल पर उसी के स्कूल की एक छात्रा के साथ गंभीर छेड़छाड़ का आरोप लगा है। मामला सामने आते ही आक्रोशित परिजनों ने स्कूल पहुंचकर प्रिंसिपल के साथ मारपीट कर दी। तनाव की सूचना मिलते ही नवलगढ़ डीएसपी सुगन सिंह और गोठड़ा थानाधिकारी प्रेम प्रकाश भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी प्रिंसिपल को हिरासत में ले लिया।

गुस्साए परिजनों ने प्रिंसिपल से की मारपीट

पुलिस को सौंपी गई शिकायत में परिजनों का आरोप है कि प्रिंसिपल काफी समय से छात्रा पर बुरी नजर रखे हुए था। वह लगातार छात्रा से छेड़छाड़ कर रहा था और मोबाइल पर निजी बातचीत करने का मानसिक दबाव बना रहा था। सहमी हुई छात्रा ने जब हिम्मत दिखाकर पूरी आपबीती परिजनों को सुनाई, तो उनका गुस्सा भड़क गया। उग्र परिजन स्कूल पहुंचे और प्रिंसिपल कक्ष में घुसकर हाथापाई शुरू कर दी। वहां मौजूद अन्य शिक्षकों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।

घटना की भनक लगते ही स्कूल के बाहर ग्रामीणों का भारी हुजूम जुट गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में जोरदार नारेबाजी करते हुए साफ कहा कि ऐसे चरित्रहीन शिक्षकों के रहते बेटियां स्कूल में महफूज नहीं हैं। उन्होंने आरोपी प्रिंसिपल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई। मामले में पुलिस ने छात्रा के परिजनों की तहरीर पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है, वहीं प्रिंसिपल की शिकायत पर मारपीट और राजकार्य में बाधा डालने की धाराओं में भी क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है।

झुंझुनूं जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों द्वारा छात्राओं से बदसलूकी और यौन शोषण की यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते पांच सालों में जिले के भीतर ऐसे आधा दर्जन से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले अक्टूबर 2021 में सिंघाना थाना इलाके के एक स्कूल हेडमास्टर पर 7वीं की छात्रा को सुबह जल्दी बुलाकर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा था। हाल ही में जिला मुख्यालय के पास भी एक स्कूल शिक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप लगा था, जो बाद में जांच में अलग निकला। नवलगढ़ डीएसपी सुगन सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से मिली रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और सच्चाई के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।