भरतपुर में खूनी तांडव: 80 लोगों की भीड़ ने लाठी-हथियारों से घेरा, पूर्व विधायक को तड़पा-तड़पा कर मार डाला
राजस्थान के भरतपुर शहर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। वैर थाना क्षेत्र के भौंडा गांव में खनन विवाद को लेकर हुए भीषण हमले में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की जान चली गई। रविवार शाम हुए इस खूनी संघर्ष के बाद उन्हें बेहद नाजुक हालत में जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। हमले में उनके निजी सुरक्षाकर्मी गगन शर्मा को भी गंभीर चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, भौंडा और रायपुर गांव के करीब 70 से 80 लोग लाठी-डंडों, पत्थरों और धारदार हथियारों से लैस होकर क्रेशर प्लांट पर आ धमके। उस वक्त पहाड़ी पर मशीनों से खनन का कार्य चल रहा था और पूर्व विधायक मौके पर ही मौजूद थे। उग्र भीड़ ने बिना किसी संभलने के मौके के पूर्व विधायक और उनके सुरक्षाकर्मी को चारों तरफ से घेर लिया और बर्बरतापूर्वक हमला कर दिया।
पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि हमलावरों ने उन पर सीधी फायरिंग की थी और अतर सिंह भड़ाना को गोली लगी थी। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने शुरुआती तफ्तीश में गोली लगने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और विस्तृत फॉरेंसिक मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही घावों की प्रकृति और मौत की सटीक वजह पूरी तरह साफ हो सकेगी।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया है। पूर्व विधायक के आवास पर समर्थकों और स्थानीय लोगों का भारी जमावड़ा लगा हुआ है और लोगों में इस बर्बर हत्याकांड को लेकर गहरा आक्रोश है। पुलिस की स्पेशल टीमें मौके पर तैनात कर दी गई हैं और उपद्रवियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।