दिन में खिली धूप तो रात में घटी ठंडक, माउंट आबू रहा सबसे ठंडा; जानें अगले 4 दिनों का मिजाज

दिन में खिली धूप तो रात में घटी ठंडक, माउंट आबू रहा सबसे ठंडा; जानें अगले 4 दिनों का मिजाज

राजस्थान के मौसम में इन दिनों दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है, जहां दिन के वक्त सुहावनी धूप खिल रही है, वहीं रातों में गुलाबी ठंडक का असर थोड़ा धीमा पड़ गया है। रविवार को राज्य के ज्यादातर प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य के मुकाबले दो से चार डिग्री अधिक रहा। पूरे प्रदेश में केवल बाड़मेर ही एकमात्र ऐसा जिला रहा जहां दिन का पारा 35 डिग्री के पार गया, वहीं 12.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ हिल स्टेशन माउंट आबू राजस्थान का सबसे ठंडा इलाका बना रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, आगामी तीन से चार दिनों तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा और आसमान पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। बारिश का दौर थमने के बाद तेज धूप निकलने से दिन का मौसम तो सुहावना बना हुआ है, लेकिन कुछ शहरों में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। पिछले 24 घंटों में 35.6 डिग्री सेल्सियस के साथ बाड़मेर सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा जैसलमेर में 34.8, चित्तौड़गढ़ में 33.8, पिलानी में 33.1, फतेहपुर में 33, नागौर व चूरू में 32.8 और श्रीगंगानगर में 32.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर और फलोदी सहित अधिकांश संभागों में दिन का तापमान सामान्य से कम रहा।

अभी गायब है रात में महसूस होने वाली कड़ाके की ठंड 

प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों और शेखावाटी अंचल में रात के पारे में चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी और बाड़मेर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री ज्यादा रहने के कारण देर रात महसूस होने वाली कड़ाके की ठंड अभी गायब है। शेखावाटी बेल्ट की बात करें तो सीकर में रात का पारा 15.5, फतेहपुर में 13.9, झुंझुनूं व चूरू में 17.5 और पिलानी में 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं टोंक में 16.4 और अजमेर में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा।

भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में सुबह के वक्त हल्की धुंध का असर जरूर दिखाई दिया, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, धूप के असर से धुंध पूरी तरह छंट गई। जयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी दिनभर चटख धूप खिली रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तरी हवाओं के कमजोर पड़ने और आसमान साफ रहने की वजह से अगले कुछ दिनों तक दिन में हल्की गर्मी बनी रह सकती है, जबकि नवंबर के दूसरे हफ्ते से रात की ठंड दोबारा जोर पकड़ने की उम्मीद है।