IPL 2027 Auction: 28 करोड़ में खरीदे दो स्टार खिलाड़ियों पर गिरेगी गाज, CSK की रिटेंशन लिस्ट से पहले बड़ा उलटफेर
इंडियन प्रीमियर लीग 2027 की तैयारियां परवान चढ़ने लगी हैं और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रिटेंशन लिस्ट जमा करने की अंतिम तारीख तय कर दी है। इसी गहमागहमी के बीच पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खेमे से बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। पिछले ऑक्शन में भारी भरकम रकम लुटाकर खरीदे गए दो उभरते युवा सितारों—प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा पर रिलीज होने की तलवार लटक रही है। टीम मैनेजमेंट आगामी मिनी ऑक्शन के लिए अपने खाली पड़े पर्स को फिर से भरने के मकसद से इनमें से किसी एक या दोनों को बाहर का रास्ता दिखाने का मन बना रहा है।
साल 2026 की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से ताल्लुक रखने वाले युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर पर दांव लगाते हुए ₹14.20 करोड़ की रिकॉर्ड बोली लगाई थी। महज 30 लाख रुपये के बेस प्राइस वाले प्रशांत को हासिल करने के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स, मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच जबरदस्त बिडिंग वॉर छिड़ी थी। हालांकि, मैदान पर प्रशांत का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने पिछले सीजन में खेले गए 6 मैचों में महज 90 रन बनाए और एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके। उनके इस औसत प्रदर्शन को देखते हुए अब उन्हें रिलीज किए जाने की अटकलें तेज हैं।
यही हाल विकेटकीपर-बल्लेबाज कार्तिक शर्मा का भी रहा, जिन्हें भी 30 लाख रुपये के बेस प्राइस से शुरू होकर कड़ी होड़ के बाद सीएसके ने पूरे ₹14.20 करोड़ खर्च करके टीम में शामिल किया था। कार्तिक ने पिछले सीजन में 11 मुकाबले खेलकर 295 रन बनाए। टीम मैनेजमेंट का मानना है कि जितनी बड़ी कीमत उन पर लगाई गई थी, उस स्तर का मैच जिताऊ रिटर्न टीम को नहीं मिल पाया। दोनों खिलाड़ियों को मिलाकर चेन्नई सुपर किंग्स ने अकेले ₹28.40 करोड़ की बड़ी रकम फंसा दी थी, जिससे टीम का ऑक्शन पर्स पूरी तरह खाली हो चुका है।
चेन्नई सुपर किंग्स के पर्स में कितनी राशि बची
वर्तमान में चेन्नई सुपर किंग्स के पर्स में महज 2.4 करोड़ रुपये की राशि बची हुई है। यदि नियमों के तहत आगामी नीलामी के लिए पर्स में 5 करोड़ रुपये का इजाफा भी होता है, तो भी टीम के पास कुल बजट केवल साढ़े सात करोड़ रुपये के आसपास ही पहुंचेगा। ऐसे में बड़े और रणनीतिक खिलाड़ियों पर बोली लगाना सीएसके के लिए मुमकिन नहीं होगा। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, फ्रेंचाइजी इन दोनों में से किसी एक खिलाड़ी को रिलीज कर अपने पर्स में कम से कम ₹14 करोड़ का फंड तैयार करना चाहती है, ताकि ऑक्शन टेबल पर मजबूत स्थिति में उतरा जा सके। संभव है कि रिलीज करने के बाद टीम नीलामी में कम कीमत पर उन्हें दोबारा खरीदने का प्रयास करे।
आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 16 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। इससे पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी को 15 नवंबर तक अपनी आधिकारिक रिटेंशन और रिलीज लिस्ट बीसीसीआई को सौंपनी होगी। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि 15 नवंबर को महेंद्र सिंह धोनी की पूर्व कप्तानी वाली यह टीम अपने पर्स को दुरुस्त करने के लिए कौन सा साहसिक फैसला लेती है।