थाने में RSS जिला प्रचारक की बेरहमी से पिटाई पर भारी बवाल: SHO समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड, BJP नेताओं ने दिया धरना
RSS के सांभर जिला प्रचारक के साथ पुलिस थाने के भीतर कथित तौर पर अभद्रता और बर्बर मारपीट का मामला सामने आने के बाद भारी राजनीतिक और सामाजिक बवाल खड़ा हो गया है। घटना के विरोध में संघ कार्यकर्ताओं और भाजपा नेताओं के उग्र प्रदर्शन के बाद जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाधिकारी (SHO) उमराव सिंह समेत 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही मामले में 7 पुलिसकर्मियों के खिलाफ नामजद मुकदमा भी दर्ज किया गया है। गंभीर रूप से घायल जिला प्रचारक को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के एसएमएस (SMS) अस्पताल रेफर किया गया है।
संघ के नरैना खंड कार्यवाह अनुराग आगीवाल द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे नरैना थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने पैदल जा रहे सांभर जिला प्रचारक कृष्ण अवतार को रास्ते में रोककर पूछताछ शुरू की। इस दौरान हुई कहासुनी के बाद पुलिसकर्मी उन्हें जबरन पकड़कर थाने ले आए। आरोप है कि जब कृष्ण अवतार ने अपना परिचय दिया तो थानाधिकारी उमराव सिंह भड़क गए और उन्होंने कथित रूप से पुलिसकर्मियों को उकसाते हुए विवादित टिप्पणी की। इसके बाद एएसआई ओंकार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने संघ और उनके परिवार के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए उनके कपड़े उतरवाकर बेरहमी से लाठियों से पिटाई की, जिससे वे लहूलुहान होकर बेहोश हो गए।
वारदात की खबर फैलते ही रविवार को बड़ी संख्या में संघ के स्वयंसेवक और स्थानीय लोग नरैना थाने के बाहर जुट गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। आंदोलन को समर्थन देने भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा, पूर्व विधायक निर्मल कुमावत और भाजपा जयपुर जिला देहात दक्षिण के जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर भी मौके पर पहुंच गए। थाने के घेराव और बिगड़ती स्थिति को देखते हुए जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक खुद मौके पर पहुंचे और प्राथमिक जांच के आधार पर थानाधिकारी उमराव सिंह, एएसआई ओंकार सिंह, सिपाही रमेश, अजय, कुलदीप, महिपाल और विनोद के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 6 जवानों को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए। पुलिस अधीक्षक ने मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है।