सूर्यकुमार यादव का 4 साल पुराना साम्राज्य खतरे में, वेस्टइंडीज के खिलाफ ईशान मचाएंगे गदर
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच टी20 मैचों की रोमांचक सीरीज का आगाज होने जा रहा है, जहां सबकी नजरें टीम इंडिया के धमाकेदार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन पर टिकी हैं। मैदान पर इस वक्त अपने करियर के स्वर्णिम दौर से गुजर रहे ईशान के पास एक ऐसा ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल करने का मौका है, जो अब तक केवल सूर्यकुमार यादव के नाम दर्ज था। ईशान साल 2026 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की तरफ से एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने से महज 160 रन दूर हैं।
160 रन दूर ईशान किशन, वेस्टइंडीज सीरीज में बना सकते हैं बड़ा रिकॉर्ड
आंकड़ों पर गौर करें तो बाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने साल 2026 में अब तक खेले 29 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 1005 रन ठोक दिए हैं, जिसमें एक शानदार शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं। इसके साथ ही वह भारत के लिए एक कैलेंडर वर्ष में एक हजार रन का जादुई आंकड़ा पार करने वाले इतिहास के महज दूसरे बल्लेबाज बन चुके हैं। इससे पहले दिग्गज बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने साल 2022 में 31 मुकाबलों की पारियों में दो शतक और नौ अर्धशतक के दम पर 1164 रन बनाए थे। अब वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले पांच मुकाबलों में अगर ईशान 160 रन और जोड़ लेते हैं, तो वह सूर्या को पछाड़कर भारत के सबसे सफल टी20 बल्लेबाज बन जाएंगे। इस सूची में तीसरे नंबर पर अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने 2025 में 859 रन बनाए थे।
ईशान किशन की नजरें सिर्फ भारतीय रिकॉर्ड तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके सामने दुनिया का सबसे बड़ा टी20 रिकॉर्ड ध्वस्त करने का भी खुला रास्ता है। अगर वह आगामी मैचों में अपनी लय बरकरार रखते हुए 484 रन और बना लेते हैं, तो वह टी20 इंटरनेशनल इतिहास में एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक रन बनाने वाले दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बन जाएंगे। वर्तमान में यह वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑस्ट्रिया के बल्लेबाज करणबीर सिंह के नाम दर्ज है, जिन्होंने साल 2025 में 32 पारियों में कुल 1488 रन बनाए थे। इस वैश्विक सूची में दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान (1326 रन, 2021) और तीसरे स्थान पर फियाज अहमद (1251 रन, 2025) मौजूद हैं, जिसके बाद सूर्यकुमार यादव का नंबर आता है। कैरेबियाई गेंदबाजों के खिलाफ घरेलू पिचों पर ईशान जिस आक्रामक अंदाज में उतरने वाले हैं, उससे यह साफ है कि रिकॉर्ड्स की इस रेस में नए कीर्तिमान बनने तय हैं।