सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन, जानें कहां होगा अंतिम संस्कार

सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन, जानें कहां होगा अंतिम संस्कार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह 11 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया। 91 वर्षीय सावित्री देवी यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव में अपने छोटे बेटे के साथ रहती थीं और पिछले कुछ दिनों से बढ़ती उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। मुख्यमंत्री के भाई ने उनके निधन की पुष्टि की है, जिसके बाद से पूरे पंचूर गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को उनका पार्थिव शरीर हरिद्वार ले जाया जाएगा, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी अंतिम विदाई देने हरिद्वार पहुंचने की पूरी संभावना है।

सावित्री देवी का स्वास्थ्य अधिक उम्र की वजह से अक्सर नाजुक रहता था। इससे पहले 14 मई 2024 को भी गंभीर स्थिति के चलते उन्हें एम्स ऋषिकेश के जिरियाट्रिक वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद उनका हालचाल जानने पहुंचे थे। सीएम योगी का परिवार आज भी पौड़ी के साधारण से पंचूर गांव में सादगीपूर्ण जीवन व्यतीत करता है। इससे पूर्व वर्ष 2020 में 89 वर्ष की आयु में सीएम योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था, और अब मां के चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया और दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान देने व परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।