जयमाला हुई, दावत उड़ी... फिर 7 फेरों के वक्त दूल्हे ने कहा- 'दुल्हन इधर-उधर देख रही है, मैं शादी नहीं करूंगा!'

जयमाला हुई, दावत उड़ी... फिर 7 फेरों के वक्त दूल्हे ने कहा- 'दुल्हन इधर-उधर देख रही है, मैं शादी नहीं करूंगा!'

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता क्षेत्र में शादी की खुशियां उस वक्त हंगामे में बदल गईं, जब जयमाला और दावत के बाद सात फेरों के समय दूल्हे ने विवाह करने से साफ इनकार कर दिया। कालाढूंगी क्षेत्र के युवक के साथ युवती की शादी तय थी और दोनों के बीच करीब एक साल से मोबाइल पर बातचीत भी हो रही थी। युवती के परिजनों का आरोप है कि बातचीत के दौरान दूल्हा दहेज में कार की मांग कर रहा था, जिसे परिवार ने पहले नजरअंदाज किया था। गुरुवार को बारात पहुंचने के बाद स्वागत, जयमाला और दावत की रस्में पूरी हुईं, लेकिन फेरों की बारी आते ही दूल्हे ने दुल्हन पर इधर-उधर देखने का आरोप लगा दिया और शादी से मुकर गया। उसने जबरन शादी कराने पर गंभीर परिणाम की चेतावनी भी दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विवाद बढ़ते ही दूल्हा भागने लगा और बाराती भी खिसकने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने दूल्हे को पकड़कर पुलिस चौकी पहुंचा दिया। युवती पक्ष ने दहेज में कार न मिलने के कारण ऐन वक्त पर बारात लौटाने और शादी तोड़ने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

इसी तरह उधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र के बुकसौरा गांव में पुलिस ने एक नाबालिग लड़की की शादी रुकवाते हुए दूल्हे और उसके परिजनों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस को गांव में बाल विवाह कराए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। उस समय समारोह में दावत चल रही थी और दूल्हा सेहरा बांधकर मंडप की रस्मों की तैयारी कर रहा था। पुलिस को देखते ही शादी समारोह में हड़कंप मच गया और जांच में लड़की की उम्र 16 वर्ष पाई गई। थानाध्यक्ष पंकज कुमार के अनुसार, दूल्हे भूपाल विश्वास पुत्र समीर विश्वास और उसके परिवार के लोगों को हिरासत में लेकर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।